बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब परिवार की ओर से भी बयान सामने आने लगे हैं। कृष्णा अभिषेक की पत्नी और अभिनेत्री कश्मीरा शाह ने अपनी ‘मामी’ सुनीता आहूजा का खुलकर समर्थन किया है।

कश्मीरा ने कहा कि वह अपने परिवार की महिलाओं के साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने सुनीता का पक्ष लेते हुए कहा कि अगर सुनीता आज किसी बात को लेकर बोल रही हैं, तो निश्चित तौर पर “कुछ गलत हुआ होगा।” कश्मीरा का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कुछ समय पहले तक उनके और सुनीता के रिश्ते में तल्खी की खबरें आती रही थीं।

क्या है गोविंदा-सुनीता विवाद?
दरअसल, गोविंदा और सुनीता आहूजा के वैवाहिक रिश्ते को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। सुनीता ने कथित तौर पर गोविंदा की अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नजदीकियों और दूसरी शादी की योजना को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, गोविंदा के मैनेजर ने दूसरी शादी की बात को खारिज किया है।

वहीं, इस पूरे मामले के बीच गोविंदा और सुनीता के एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो करने की खबर भी सामने आई, जिससे दोनों के बीच तनाव की अटकलों को और हवा मिली।

कश्मीरा के बयान से बढ़ी चर्चा
कश्मीरा शाह का सुनीता के समर्थन में सामने आना इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि दोनों के रिश्ते पहले हमेशा सहज नहीं रहे। अब कश्मीरा ने साफ संकेत दिया है कि पारिवारिक विवाद के बावजूद वह मामी सुनीता के साथ खड़ी हैं। हालांकि, गोविंदा की ओर से इन आरोपों को लेकर अलग रुख सामने आया है। अभिनेता ने अपने खिलाफ चल रही कथित झूठी और मानहानिकारक खबरों को लेकर सार्वजनिक नोटिस भी जारी किया है और गलत जानकारी फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

फिलहाल गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन दोनों के बीच वास्तव में क्या हुआ है, इस पर पूरी तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें:भारतीयों को बड़ा झटका! अमेरिका में नौकरी के लिए अब देने पड़ सकते हैं करीब 92 लाख रुपये, जानें किस पर होगा असर