UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बीजेपी संगठन में जल्द बड़े ऐलान की संभावना है। बता दें कि पार्टी में अभी तक क्षेत्रीय और मोर्चों की टीम का गठन नहीं हो पाया है। वहीं नई प्रदेश टीम बनने के बाद प्रवक्ताओं की सूची भी जारी नहीं हुई है। ऐसे में पार्टी अब संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी में जुट गई है।
इसी सिलसिले में मंगलवार को दिल्ली में उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रभारी पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल ने पार्टी के सभी 6 क्षेत्रीय अध्यक्षों और क्षेत्रीय प्रभारियों के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक बैठक में क्षेत्रीय और मोर्चों की टीम के संभावित नामों पर विस्तार से चर्चा हुई। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में इन पदों पर नियुक्तियों का ऐलान किया जा सकता है।
नितिन नवीन और बीएल संतोष के यूपी दौरे की तैयारी
बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के आगामी उत्तर प्रदेश दौरों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सितंबर से दोनों नेताओं के यूपी दौरे शुरू हो सकते हैं। नितिन नवीन और बीएल संतोष इससे पहले लखनऊ का दौरा कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठन और चुनावी तैयारियों का जायजा लिया था। हालांकि इसके बाद दोनों नेताओं का यूपी दौरा नहीं हुआ।
चुनाव से पहले 6 क्षेत्रों में होगा संगठन का मंथन
बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को संगठनात्मक रूप से छह क्षेत्रों में बांट रखा है। इनमें अवध, काशी, गोरखपुर, पश्चिम, ब्रज और कानपुर-बुंदेलखंड शामिल हैं। आगामी दौरों के दौरान नितिन नवीन और बीएल संतोष इन सभी क्षेत्रों में जाएंगे। यहां पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संगठन के नेताओं के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने की रणनीति बनाई जाएगी।
जल्द हो सकता है नियुक्तियों का ऐलान
सूत्रों के अनुसार, क्षेत्रीय और मोर्चों की टीम को लेकर नामों पर अंतिम स्तर की चर्चा हो चुकी है। ऐसे में पार्टी जल्द ही इन नियुक्तियों का ऐलान कर सकती है। संगठन में नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद बीजेपी चुनाव से पहले बूथ स्तर तक अपनी तैयारियों को और तेज करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इन नियुक्तियों को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।