Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय टीम के युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी दलीप ट्रॉफी के पहले मुकाबले की पहली पारी में बुरी तरह से फ्लॉप रहे। ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व कर रहे वैभव से प्रशंसकों और पूर्व खिलाड़ियों को एक बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह इसपर खरे नहीं उतर सके।

नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ ईस्ट जोन की पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 8 रन ही बना सके। बता दें कि, घरेलू प्रतियोगिता में चयनकर्ताओं ने 15 साल के युवा बल्लेबाज को उप कप्तान बनाया था, लेकिन वह बड़ी पारकी नहीं खेल सके।

8 रन बनाकर आउट हुए वैभव सूर्यवंशी

ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन का यह मुकाबला बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 2 में खेला जा रहा है, जिसमें नॉर्थ ईस्ट जोन के कप्तान रोंगसेन जोनाथन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। ईस्ट जोन के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव से एक बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह 6 गेंदों पर सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए।

उनकी इस पारी में दो चौके शामिल थे। वैभव के बल्ले से पहला चौका मिडविकेट की दिशा में फ्लिक के जरिए आया था तो अगली गेंद पर उन्होंने तेज तर्रार कट लगाकर चार रन हासिल किए। इसके बाद एक डॉट बॉल खेली तो अगली गेंद पर तेज गेंदबाज बिश्वरजीत कोंथौजम के खिलाफ शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद गली पर तैनात जोसेफ लालथंखुमा के हाथों में चली गई।

रेड बॉल खेल पर वैभव की नजर

15 साल के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व किया था और सबसे ज्यादा 776 रन बनाए थे। इस प्रदर्शन के बाद वैभव को भारतीय टी20 टीम में मौका दिया गया, लेकिन इंग्लैंड दौरे पर वह बड़ा प्रभाव नहीं छोड़ सके।

हालांकि, जिम्बाब्वे दौरे पर तूफानी पारियां खेलने के बाद उनको प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया था। वह यह पुरस्कार पाने वाले दुनिया के युवा खिलाड़ी थे। अब वैभव की नजर सफेद गेंद के बाद भारत की रेड बॉल टीम में जगह बनाने पर होगी, लेकिन इसके लिए उनके बल्ले से रनों की बरसात होना जरूरी है, ताकि चयनकर्ता उनको टेस्ट टीम में शामिल कर सके।

ये भी पढ़ें- कोलंबो टेस्ट में सारांश जैन का डेब्यू तय! मैच से मिले ये बड़े संकेत, इस खिलाड़ी को करेंगे रिप्लेस

प्रथम श्रेणी में सूर्यवंशी के आंकड़े

वैभव सूर्यवंशी यकीनन दलीप ट्रॉफी के 63वें संस्करण में ईस्ट जोन के लिए बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे, ताकि उनको न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध घरेलू टेस्ट सीरीज में मौका मिल सके। वैभव की टीम ने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत कर दी है।

अगर उनकी टीम आगे जाती है तो वैभव को अगले दो सप्ताह में कम से कम दो और फाइनल में पहुंचने पर तीन मैच खेलने का मौका मिलेगा।बता दें कि, वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक 12 प्रथम श्रेणी मैचों की 12 पारियों में 17.25 की मामूली औसत से सिर्फ 207 रन बनाए हैं। इस दौरान वैभव के बल्ले से एक अर्धशतकीय पारी देखने को मिली है।

ये भी पढ़ें- टेस्ट सीरीज खत्म होते ही ड्रॉप हो सकता है दिग्गज बल्लेबाज, 43 पारियों में बनाए सिर्फ 8 अर्धशतक