Devdutt Padikkal: भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार (15 अगस्त) से गॉल टेस्ट की शुरुआत हो चुकी है। मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जो कि भारत के पक्ष में गया। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने पहली पारी में दो विकेट के नुकसान पर 288 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं।

टीम इंडिया के लिए पहले दिन की खास बात ये रही कि दाएं हाथ के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने नंबर पर तीन पर आकर अपने टेस्ट करियर का पहला शतक ठोका। इस सेंचुरी ने उनकी टीम इंडिया में जगह को लगभग पक्का कर दिया है, लेकिन पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद बल्लेबाजी कोच ने एक ऐसा बयान दिया, जिनके बाद पडिक्कल फैंस की दिल की धड़कने बढ़ गई होंगी।

बल्लेबाजी कोच ने दिया बड़ा बयान

पहले टेस्ट के पहले दिन की समाप्ति के बाद जब भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक से साई सुदर्शन की वापसी और पडिक्कल के शतक को लेकर सवाल किया गया। इसपर बल्लेबाजी कोच ने कहा ''पडिक्कल ने काफी बढ़िया बल्लेबाजी की और साई भी कमाल के बल्लेबाज हैं। दोनों अभी युवा हैं और नंबर तीन का स्थान अभी किसी के लिए फिक्स नहीं है।''

 

सितांशु ने इस बात पर भी जोर दिया कि टीम में कोई भी ओपन कर सकता है या फिर नंबर चार, पांच और छह पर खेल सकता है। सितांशु के इस बयान के बाद ये साफ हो गया है कि गॉल टेस्ट की पहली पारी में शतक लगाने के बाद भी देवदत्त पडिक्कल का स्थान प्लेइंग इलेवन में फिक्स नहीं है।

सितांशु कोटक के बयान ने किया साफ

भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के बयान ने यह साफ कर दिया है कि टीम मैनेजमेंट के दिल में अभी भी साई के लिए जगह है और जब अगली सीरीज में वह वापसी करेंगे तो स्क्वाड में उनकी जगह बरकरार रहेगी। हालांकि, देवदत्त पडिक्कल ने शानदार सैकड़ा लगाकर उनकी मुश्किलों को थोड़ा बढ़ा दिया है, लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि जब अगली सीरीज नवंबर 2026 में न्यूजीलैंड के साथ शुरू होगी तो पहले नंबर तीन पर किसको बल्लेबाजी का मौका दिया जाएगा।

बता दें कि, श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला शुरू होने से पहले साई सुदर्शन चोटिल थे। हालांकि, सीरीज शुरू होने से पहले उनका सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पैर के अंगूठे का इलाज चल रहा था, लेकिन पूरी तरह से फिट नहीं होने के बाद उनको दौरे से बाहर होना पड़ा।

पडिक्कल के पास दोहरा शतक लगाने का मौका

श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल के पास दोहरा शतक लगाने का शानदार मौका होगा। पहले दिन का खेल खत्म होने तक वह 178 गेंदों पर नाबाद 131 रन बना चुके हैं। उनकी इस बेहतरीन पारी में 12 चौके और एक छक्का शामिल है।

खास बात ये है कि पडिक्कल ने यह रन 73.59 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं, जो कि टेस्ट क्रिकेट में काफी अच्छा माना जाता है। अगर वह इसी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हैं तो यकीनन लंच ब्रेक से पहले अपने शतक को दोहरे शतक में तब्दील कर सकते हैं और नंबर तीन स्थान पर अपनी दावेदारी को पुख्ता कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- Rishabh Pant के एक छक्के ने रचा कीर्तिमान, साउथ अफ्रीकी दिग्गज को पछाड़ा, खतरे में 'यूनिवर्स बॉस' का रिकॉर्ड

Written By Aman Sharma