Cristiano Ronaldo: दुनिया के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो शादी के कुछ समय बाद ही अभ्यास पर लौट आए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर प्रैक्टिस करते हुए कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वह जमकर पसीना बहाते नजर आ रहे हैं। पुर्तगाल के इस खिलाड़़ी ने सऊदी अरब के क्लब अल-नस्त्र के साथ मिलकर कड़ा अभ्यास किया, जिसकी फोटोज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। वहीं, रोनाल्डो ने इसके कैप्शन में लिखा 'वापस आ गया।' बता दें कि, मंगलवार को क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने उनकी पार्टनर जॉर्जिया रोड्रिगेज के साथ शादी की थी। दोनों ने एक निजी समारोह में विवाह किया था।

शादी के बाद प्रैक्टिस पर लौटे रोनाल्डो

11 अगस्त 2026 को क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिया रोड्रिगेज शादी के बंधन में बंधे थे। इसकी जानकारी खुद रोनाल्डो ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर करके दी थी, जिसमें दोनों के हाथों में शादी की अंगूठियां नजर आ रही हैं। शादी के बाद लग रहा था कि रोनाल्डो काफी लंबे समय के लिए अपने परिवार के साथ ब्रेक पर जा सकते हैं, लेकिन दुनिया के दिग्गज ने ब्रेक की बजाय अभ्यास करने का फैसला किया। बता दें कि, रोनाल्डो आखिरी बार पुर्तगाल के लिए फीफा वर्ल्ड कप 2026 में खेलते नजर आए थे, जिसमें उनकी टीम जुलाई में राउंड ऑफ 16 में बाहर हो गई है।

वर्ल्ड कप में फीका रहा था रोनाल्डो का प्रदर्शन

हाल में समाप्त हुए फीफा वर्ल्ड कप 2026 में न सिर्फ पुर्तगाल का प्रदर्शन साधारण रहा था, बल्कि उनके सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे। रोनाल्डो ने विश्व कप 2026 में खेले पांच मैचों में सिर्फ तीन गोल किए थे। जबकि फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में खेले 27 मैचों में उन्होंने सिर्फ 11 गोल दागे हैं, जो कि रोनाल्डो जैसे विश्वस्तरीय खिलाड़ी के कद से बिल्कुल भी मेल नहीं खाता है। शायद यही वजह होगी कि शादी के कुछ समय बाद ही उन्होंने अभ्यास करना शुरू कर दिया है।

2022 में अल-नस्त्र से जुड़े थे रोनाल्डो

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दिसंबर 2022 में सऊदी अरब के क्लब अल-नस्त्र के साथ करार किया था। इसके बाद जनवरी 2023 में रोनाल्डो ने इस क्लब के लिए आधिकारिक तौर पर खेलना शुरू किया था। अपने पहले ही सीजन में इस दिग्गज फुटबॉलर ने धमाकेदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद मई 2026 में रोनाल्डो ने अल-नस्त्र को सऊदी प्रो-लीग का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

ये भी पढ़ें- कब, कहां और कैसे देखें हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले, इस ऐप होगी लाइव स्ट्रीमिंग

Written By Aman Sharma