आजकल तनाव, स्क्रीन टाइम, काम का दबाव और बिगड़ा हुआ रूटीन नींद से जुड़ी परेशानियों की बड़ी वजह बन रहे हैं। अच्छी नींद शरीर के साथ-साथ दिमाग के लिए भी जरूरी है। सोने से पहले कुछ आसान योग और सांस से जुड़ी एक्सरसाइज शरीर को रिलैक्स करने और मन को शांत करने में मदद कर सकती हैं।
नींद के लिए कौन से योगासन फायदेमंद हो सकते हैं?
बालासन
बालासन शरीर को आराम देने वाला आसान योगासन है। इसे करने के लिए घुटनों के बल बैठकर शरीर को आगे की तरफ झुकाएं और माथे को जमीन से लगाएं। हाथों को आगे की ओर रखें। कुछ देर इस मुद्रा में रहने से शरीर में रिलैक्सेशन महसूस हो सकता है और तनाव कम करने में मदद मिल सकती है।
विपरीत करणी
दिनभर पैरों और शरीर में जमा थकान को कम करने के लिए यह आसन किया जा सकता है। पीठ के बल लेटकर पैरों को दीवार के सहारे ऊपर रखें और हाथों को शरीर के पास आराम की स्थिति में रखें। इस दौरान धीरे-धीरे सांस लेते रहें। कुछ मिनट इस स्थिति में रहने से शरीर को आराम मिल सकता है।
शवासन
शवासन बेहद सरल आसनों में से एक है। इसमें पीठ के बल सीधे लेटकर शरीर को पूरी तरह ढीला छोड़ दिया जाता है। आंखें बंद करके सामान्य और धीमी सांस पर ध्यान दें। यह अभ्यास दिनभर के तनाव से बाहर निकलने और शरीर को शांत करने में मदद कर सकता है।
उत्तानासन
सीधे खड़े होकर धीरे-धीरे शरीर को आगे की तरफ झुकाना उत्तानासन का हिस्सा है। अपनी क्षमता के अनुसार हाथों को पैरों या जमीन की ओर ले जाएं। इस दौरान शरीर पर ज्यादा दबाव न डालें। यह आसन रिलैक्सेशन और मानसिक तनाव कम करने के लिए उपयोगी हो सकता है।
यह भी पढ़ें : Period Problems: पीरियड्स में ये बदलाव दिखें तो हो जाएं सावधान, जानें कब डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी
भ्रामरी प्राणायाम
भ्रामरी में गहरी सांस लेकर सांस छोड़ते समय हल्की भिनभिनाहट जैसी आवाज निकाली जाती है। इसे शांत माहौल में आराम से किया जा सकता है। यह अभ्यास मन को शांत करने और बेचैनी कम करने में मदद कर सकता है।
सुखासन में ध्यान
आरामदायक स्थिति में बैठकर आंखें बंद करें और अपना ध्यान सांसों पर लगाएं। कुछ मिनट तक धीरे-धीरे सांस लेने और छोड़ने पर ध्यान केंद्रित करें। इससे सोने से पहले दिमाग को शांत करने और अनावश्यक विचारों से ध्यान हटाने में मदद मिल सकती है।
सोने से पहले इन बातों का भी रखें ध्यान
सिर्फ योग ही नहीं, बल्कि नियमित दिनचर्या भी बेहतर नींद के लिए जरूरी है। रात में सोने और सुबह उठने का समय लगभग तय रखें। सोने से पहले मोबाइल और दूसरे स्क्रीन डिवाइस का इस्तेमाल कम करें। रात में बहुत ज्यादा कैफीन लेने से भी बचना चाहिए। अगर लंबे समय से नींद की परेशानी बनी हुई है, बार-बार रात में नींद टूटती है या दिन में अत्यधिक नींद और थकान रहती है, तो डॉक्टर या नींद विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है। योग को इलाज का विकल्प नहीं, बल्कि रिलैक्सेशन के एक तरीके के तौर पर अपनाएं।
Written by Rozi Sinha