Anda Khane Ke Nuksan: अंडा प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। यही वजह है कि इसे संतुलित डाइट का अहम हिस्सा माना जाता है। हालांकि, अंडे को खाने के तरीके को लेकर अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि इसे कच्चा खाना ज्यादा फायदेमंद है या पकाकर। कई लोग मानते हैं कि कच्चा अंडा खाने से शरीर को ज्यादा पोषण मिलता है, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है।
पकाने से बढ़ती है प्रोटीन की उपलब्धता
डॉक्टर शुभम वत्स के अनुसार, कच्चे अंडे में मौजूद प्रोटीन का शरीर में पाचन और अवशोषण अपेक्षाकृत कम होता है। कच्चे अंडे के प्रोटीन की उपलब्धता करीब 50 प्रतिशत तक बताई जाती है, जबकि पकाए गए अंडे में यह लगभग 90-95 प्रतिशत तक हो सकती है। यानी अंडे को पकाने से उसका प्रोटीन खत्म नहीं होता, बल्कि शरीर के लिए उसका इस्तेमाल करना आसान हो जाता है।
कच्चा अंडा खाने में संक्रमण का खतरा
कच्चे अंडे का सेवन करने से साल्मोनेला संक्रमण का खतरा रहता है। इससे दस्त, पेट दर्द, उल्टी, बुखार और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को कच्चे अंडे से बचना चाहिए।
आंखों के लिए भी फायदेमंद
पका हुआ अंडा ल्यूटिन और जियाजैंथिन जैसे पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है। ये आंखों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं। अंडे की जर्दी में मौजूद वसा इन पोषक तत्वों के अवशोषण में भी मदद करती है।
ये भी पढ़ें: CAT देने के बाद IIM में कैसे मिलता है Admission? समझिए पूरा Process!
अंडा खाने का सही तरीका क्या है?
कुल मिलाकर, कच्चे अंडे की तुलना में अच्छी तरह पकाया हुआ अंडा ज्यादा सुरक्षित और शरीर के लिए अधिक आसानी से पचने वाला विकल्प है। आप इसे उबालकर, ऑमलेट या स्क्रैंबल्ड एग के रूप में डाइट में शामिल कर सकते हैं। अंडे को पूरी तरह पकाकर खाना संक्रमण के जोखिम को भी कम करता है।
Disclaimer: यह खबर सामान्य जानकारी के लिए है। किसी बीमारी, विशेष डाइट या स्वास्थ्य संबंधी समस्या में अपनी डाइट बदलने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह लें।