WTC Points Table 2025-27: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के चक्र में बांग्लादेश ने बड़ा उलटफेर कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया के डार्विन में स्थित मरारा इंटरनेशनल स्टेडियम में दो मैच की सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया था, जिसमें मेहमानों ने मेजबानों को 9 विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह बांग्लादेश की कंगारुओं की धरती पर पहली टेस्ट जीत है, लेकिन इस जीत के बाद आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में क्या बदलाव आया है, चलिए आपको बताते हैं। इस जीत से बांग्लादेश को क्या फायदा हुआ है और भारत की क्यों बढ़ सकती हैं मुश्किलें।

हारकर भी पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलिया

बांग्लादेश के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में पहले स्थान पर बरकरार है। कंगारुओं ने मौजूदा चक्र में 9 मैच खेले हैं, जिसमें 7 उन्होंने जीते हैं तो 2 में हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया का जीत प्रतिशत इस हार के बाद गिरकर 77.78 पर पहुंच गया है, लेकिन इसके बाद भी वह शीर्ष स्थान पर मौजूद है।

शीर्ष चार में बांग्लादेश मौजूद

ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे नंबर पर अंक तालिका में साउथ अफ्रीका मौजूद है। प्रोटियाज टीम ने डब्ल्यूटीसी 2025-27 के साइकिल में 4 मैच खेले हैं, जिसमें से 3 में उनको जीत मिली है। अफ्रीका का जीत प्रतिशत 75.00 है। वहीं, तीसरे स्थान पर न्यूजीलैंड काबिज है। कीवियों ने 6 मैच खेले हैं, जिसमें से 4 में उनको जीत मिली है तो 1 मैच गंवाया है। वहीं, एक मैच ड्रॉ रहा है।

ब्लैक कैप्स का जीत प्रतिशत 72.22 है। इसके बाद चौथे स्थान पर बांग्लादेश है। उन्होंने मौजूदा चक्र में 5 मैच खेले हैं, जिसमें 3 में जीत मिली है। एक गंवाया है तो एक का निर्णय नहीं निकल पाया। बांग्लादेश का जीत प्रतिशत इस समय 66.67 है। बता दें कि, बांग्लादेश फाइनल की दौड़ में बना हुआ है।

लास्ट पांच में भारत का नाम

बांग्लादेश के बाद अंक तालिका में पांचवें नंबर पर भारतीय टीम मौजूद है। भारत ने डब्ल्यूटीसी 2025-27 के साइकिल में अभी तक 9 मैच खेले हैं, जिसमें चार में जीत मिली है तो इतने ही गंवाए हैं। एक मात्र ड्रॉ रहा है। भारत का जीत प्रतिशत 48.15 है। छठे नंबर पर श्रीलंका है, जिनका जीत प्रतिशत 41.67 है। 7वें नंबर पर इंग्लैंड की टीम मौजूद है, जिनका जीत प्रतिशत 24.36 है तो 8वें स्थान पर पाकिस्तान मौजूद है। पाक ने इस चक्र में 6 में से सिर्फ दो जीते हैं, जबकि चार गंवाए हैं। उनका विनिंग प्रतिशत 22.22 है। आखिरी नंबर पर वेस्टइंडीज है, जिनका विनिंग प्रतिशत 20.83 है।

ये भी पढ़ें- क्यों नहीं चाहते अजीत अगरकर पूर्व कप्तान को आगे खिलाना? रोहित शर्मा के आंकड़े खुद दे रहे हैं गवाही

Written By Aman Sharma