Bangladesh Five Shameful Records: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज का अंतिम मैच मैकेे के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेला जा रहा है। शनिवार (22 अगस्त) से शुरू हुए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उस वक्त शायद उनको भी मालूम नहीं था कि वह बांग्लादेश की पहली पारी सिर्फ 64 रन पर समेट देंगे।

पहले टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी करने वाली बांग्लादेशी टीम ने दूसरे टेस्ट की पहली पारी में मिचेल स्टार्क और कप्तान पैट कमिंस की घातक गेंदबाजी के सामने अपने हथियार डाल दिए। फर्स्ट इनिंग में सिर्फ 64 रन बनाने के बाद बांग्लादेशी टीम के नाम 5 शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गए हैं।

1. बांग्लादेश ने बनाया सबसे छोटा स्कोर

बांग्लादेश की पहली पारी कंगारुओं के खिलाफ सिर्फ 64 रन पर सिमट गई थी। इसके बाद यह साल 2026 में टेस्ट क्रिकेट की एक पारी का न्यूनतम स्कोर बन गया है। इससे पहले श्रीलंका की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ इसी साल 101 रन पर ऑलआउट हो गई थी, लेकिन अब यह शर्मनाक रिकॉर्ड बांग्लादेश के नाम दर्ज हो गया।

2. 34 ओवर में पारी हुई समाप्त

दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम को बांग्लादेशी बल्लेबाजों को ऑलआउट करने में सबसे कम ओवर डालने पड़े हैं। दरअसल, दूसरे टेस्ट की पहली पारी में बांग्लादेश की टीम सिर्फ 34 ओवर खेलने में कामयाब हो पाई। इससे पहले साल 2003 में डार्विन में खेले मैच में कंगारू गेंदबाजों को बांग्लादेश की पारी समेट के लिए 42.2 ओवर लगे थे।

3. बांग्लादेश ने बनाया  5वां छोटा स्कोर

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 64 रन पर ऑलआउट होने के बाद बांग्लादेश ने अपने टेस्ट इतिहास का पांचवां सबसे छोटा स्कोर दर्ज कर लिया है। इससे पहले साल 2018 में बांग्लादेशी टीम वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के सामने सिर्फ 43 रन पर ढेर हो गई थी, जो कि इस टीम का टेस्ट क्रिकेट में सबसे छोटा स्कोर है।

ये भी पढ़ें- स्कोरकार्ड है या फिर मोबाइल नंबर? ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चारों खाने चित हुई बांग्लादेश, स्टार्क ने झटके 6 विकेट

4. दोनों ओपनर नहीं खोल पाए खाता

बांग्लादेश की पहली पारी में दोनों सलामी बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हो गए थे। शादमान इस्लाम पहली गेंद पर आउट हुए तो तंजिद हसन ने दो गेंदबाजों का सामना किया, लेकिन दोनों एक भी रन नहीं बना सके।

बता दें कि, यह बांग्लादेश क्रिकेट इतिहास में चौथा मौका है, जब दोनों ओपनर शून्य के स्कोर पर आउट हुए हैं। इससे पहले तमीम इकबाल औरइमरुल कैस (2010), तमीम इकबाल और शम्सुर रहमान (2014) और तमीम इकबाल और महमूदुल हसन जॉय (2022) बतौर ओपनर जीरो पर आउट हुए थे।

5. चार बल्लेबाज नहीं खोल सके खाता

पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश के चार बल्लेबाज ऐसे रहे जो कि बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। टीम के प्रारंभिक बल्लेबाज शादमान इस्लाम, तंजिद हसन, कप्तान नजमुल हुसैन शांतो और विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास शून्य के स्कोर पर पवेलियन लौटे। इन चारों बल्लेबाजों का शिकार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने किया।

यह पहला मौका है जब बांग्लादेश के चार बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी टेस्ट में बिना एक भी रन बनाए आउट हुए हैं। अब यह शर्मनाक रिकॉर्ड बांग्लादेशी टीम के नाम दर्ज हो चुके हैं।

ये भी पढ़ें- जेम्स एंडरसन से आगे निकले मिचेल स्टार्क, बांग्लादेश के खिलाफ स्थापित किया बड़ा कीर्तिमान