इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है। रिलीज के शुरुआती दिनों में ही अपनी लागत निकालने वाली इस फिल्म ने अब तक अच्छा मुनाफा कमाया है। हालांकि, शुक्रवार से यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक' के सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद इसके कलेक्शन पर असर पड़ने की पूरी संभावना है। ऐसे में 'आवारापन 2' के पास अपने कलेक्शन को ज्यादा से ज्यादा बढ़ाने के लिए ये अहम दिन हैं।

12वें दिन 'आवारापन 2' ने कितने कमाए?

फिल्म ने पहले सप्ताह में 113.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। दूसरे शुक्रवार को इसकी कमाई 5.75 करोड़ रुपये रही। इसके बाद शनिवार और रविवार को दर्शकों की संख्या बढ़ी और फिल्म ने क्रमशः 8.25 करोड़ और 8.75 करोड़ रुपये जुटाए। दूसरे सोमवार को कमाई घटकर 2.75 करोड़ रुपये रह गई थी। वहीं, मंगलवार को डिस्काउंट ऑफर्स का फायदा फिल्म को मिला और कलेक्शन में दोबारा उछाल देखने को मिला। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को 'आवारापन 2' ने करीब 4 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन लगभग 143 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

कई फिल्मों के रिकॉर्ड किए पीछे

143 करोड़ रुपये के आंकड़े के साथ 'आवारापन 2' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 'सिंघम रिटर्न्स' के लगभग 141 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पार कर लिया है। इसके अलावा फिल्म ने सलमान खान की 'बॉडीगार्ड' के करीब 142 करोड़ रुपये के घरेलू कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। इस प्रदर्शन के साथ 'आवारापन 2' अब सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की सूची में करीब 85वें स्थान पर पहुंच गई है। अगला लक्ष्य आमिर खान की 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' है, जिसका घरेलू लाइफटाइम कलेक्शन करीब 145.29 करोड़ रुपये रहा था। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए 'आवारापन 2' इसके आंकड़े को जल्द पार कर सकती है।

'टॉक्सिक' से बढ़ेगी मुश्किल

अब तक बॉक्स ऑफिस पर 'आवारापन 2' को बड़ी चुनौती नहीं मिली थी, लेकिन यश की 'टॉक्सिक' की रिलीज के बाद समीकरण बदलने वाले हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है और इसकी एडवांस बुकिंग भी मजबूत बताई जा रही है। 'टॉक्सिक' के पहले दिन ही शानदार कारोबार करने की उम्मीद है। ऐसे में नई रिलीज के सामने 'आवारापन 2' के लिए स्क्रीन और दर्शक दोनों बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि 'टॉक्सिक' की आंधी के बीच इमरान हाशमी की फिल्म 200 करोड़ रुपये के घरेलू आंकड़े तक पहुंच पाती है या नहीं।