हाल ही में महाराष्ट्र के अमरावती जिला के महिला अस्पताल के एनआईसीयू (NICU) में आग लगने से नवजातों की मौत हो गई थी, वहीं, अब पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड में बुधवार सुबह आग लगने से 15 नवजात शिशुओं की मौत की खबर है। रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के समय वार्ड में 16 बच्चे मौजूद थे, जिनमें से डॉक्टर एक नवजात को सुरक्षित निकालने में सफल रहे। हालांकि, PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने बताया कि कुछ बच्चों को रात के समय अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। ऐसे में वार्ड में मौजूद नवजातों की वास्तविक संख्या को लेकर फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक आग सुबह करीब 7 बजे लगी। शुरुआती जानकारी में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और फिलहाल घटनास्थल को पूरी तरह ठंडा करने का काम जारी है।
जांच के लिए समिति गठित
जिला प्रशासन के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गया था। राहत और बचाव अभियान में दमकल की छह गाड़ियों के साथ चार एम्बुलेंस को लगाया गया। हादसे की परिस्थितियों और आग के कारणों की जांच के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई है। समिति यह पता लगाएगी कि आग किस वजह से लगी और घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी तो नहीं रही।
PIMS में कई प्रमुख चिकित्सा केंद्र
पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज इस्लामाबाद का प्रमुख और सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल परिसर है। इसके अंतर्गत इस्लामाबाद अस्पताल, चिल्ड्रन्स अस्पताल, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर, बर्न केयर सेंटर और कार्डियक सेंटर समेत कई महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधाएं संचालित होती हैं।