Glenn Maxwell: ऑस्ट्रेलिया टीम के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल दूसरी बार पिता बने हैं। उनकी पत्नी विनी रमन ने दूसरे बच्चे को जन्म दिया है। ग्लेन मैक्सवेल ने अपने सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों के साथ इस खुशी को साझा किया। हरफनमौला खिलाड़ी ने इंस्टाग्राम पर अपने न्यू बॉर्न बेबी की एक तस्वीर को शेयर किया है। बता दें कि, मैक्सवेल और उनकी पत्नी रमन की पहली मुलाकात साल 2013 में हुई थी। इसके बाद दोनों ने लंबे समय तक डेट किया और साल 2022 में शादी कर ली। विनी रमन भारतीय मूल की हैं। वहीं, कपल ने अपनी बच्ची का नाम माइया मैक्सवेल रखा है।

दूसरी बार पिता बने मैक्सवेल

साल 2022 में शादी के बाद विनी रमन ने 11 सितंबर 2023 को अपने पहले बच्चे मैवरिक मैक्सवेल को जन्म दिया था। जबकि इस बार कपल के घर पर बेटी ने जन्म लिया है, जिसका नाम माइया मैक्सवेल रखा गया है। कपल ने इंस्टाग्राम पर जैसे ही अपनी बच्ची की तस्वीर को शेयर किया तो कमेंट बॉक्स में शुभकामाएं देने वालों की बाढ़ आई। बता दें कि, कपल ने तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, ‘’हमारी सपनों की बेटी, माइया मैक्सवेल।‘’

2013 में हुई थी पहली मुलाकात

ग्लेन मैक्सवेल और विनी रमन की पहली मुलाकात साल दिसंबर 2013 में एक चैरिटी इवेंट के दौरान हुई थी। इसके बाद करीब 9 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 27 मार्च 2022 में ईसाई और तमिल दोनों पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी कर ली। शादी के 18 महीने बाद विनी ने बेटे मैवरिक को जन्म दिया था। जबकि अब घर में बेटी का आगमन भी हो चुका है।

वनडे को कह चुके हैं अलविदा

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक हरफनमौला खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ने पिछले साल जून 2025 में एकदिवसीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने अपने देश के लिए कुल 149 वनडे मैच खेले थे, जिसमें उनके नाम 3990 रन और 77 विकेट भी दर्ज है। वनडे में मैक्सवेल दोहरा शतक भी लगा चुके हैं, जो कि उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ ठोका था। साथ ही वह 2015 और 2023 में एकदिवसीय विश्व कप जीतने वाले दल का हिस्सा भी रह चुके हैं। ओडीआई के अलावा मैक्सवेल ने 7 टेस्ट की 14 पारियों में 339 रन बनाए हैं और 8 विकेट झटके हैं। वहीं, 130 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 2897 रन वह बना चुके हैं तो इस प्रारूप में 51 विकेट भी झटके हैं। 37 वर्षींय मैक्सवेल का करियर अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है।

ये भी पढ़ें- टूटने जा रहे लाखों क्रिकेट प्रेमियों के दिल, शादी के बंधन में बंधने जा रहीं SRH की मालकिन काव्या मारन

Written By Aman Sharma