Nitish Rana: सोमवार को दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के 31वें मुकाबले में एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने मैदान पर मौजूद दर्शक, अंपायर और यहां तक की विरोधी टीम के खिलाडियों तक को भावुक कर दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और वेस्ट दिल्ली लायंस के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला था। इस मैच में वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से खेलते हुए बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज नितीश राणा ने तूफानी अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 33 गेंदों पर 60 रन की बेमिसाल पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 चौके और 6 छक्के मारे थे। नितीश की पारी का स्ट्राइक रेट 181.82 रहा, जिसकी बदौलत उनकी टीम ने 19.5 ओवर में 169 स्कोर बोर्ड पर लगाए। इस मैच में नितीश अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद मैदान पर ही फूट-फूट कर रोने लगे।

नितीश ने मां के नाम किया अर्धशतक

नितीश राणा के द्वारा खेली गई अर्धशतकीय पारी को उन्होंने अपनी मां के नाम किया। दरअसल, लंबी बीमारी के कारण 7 अगस्त 2026 को नितीश की मां का निधन हो गया था। मां के देहांत के बाद नितीश ने मैदान पर वापसी तो की, लेकिन वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और अर्धशतक बनाने के बाद मैदान पर ही मां को याद करके फूट-फूटकर रोने लग गए। राणा जब क्रीज पर अपनी माता को याद करके रो रहे थे तो उस समय अंपायर, विरोधी टीम के खिलाड़ियों ने आकर उनको सांत्वना दी। बता दें कि, इस मैच में नितीश अपनी जर्सी के पीछे अपनी मां का नाम N. Satish, लिखकर मैदान पर उतरे और अपनी मां को भावपूर्ण श्रद्धांजजली दी।

नितीश की टीम को मिली हार

नितीश राणा के शतक के बाद वेस्ट दिल्ली लायंस ने 169 रन का मजबूत स्कोर जरूर खड़ा किया था, लेकिन सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान के तूफानी शतक ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को ये मैच 10 विकेट से जीता दिया। रन का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली की ओर से सनत सांगवान ने 54 गेंदों पर नाबाद 111 रन बनाए थे, जिसमें 6 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। वहीं, अनमोल शर्मा ने 38 गेंदों पर नाबाद 55 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें उनके बल्ले से 6 चौके और 1 छक्का निकला था। बता दें कि, सुपरस्टार्स ने यह मैच 15.2 ओवर में बिना एक भी विकेट गंवाए 10 विकेट से जीत लिया।

चौथे नंबर पर पहुंचे सुपरस्टार्स

सनत सांगवान के तूफानी शतक की बदौलत साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने यह मैच 10 विकेट से जीत लिया और अंक तालिका में चौथे स्थान पर जगह बना ली है। सुपरस्टार्स ने मौजूदा सीजन में 8 मैच खेले हैं, जिसमें 4 जीते हैं और एक मैच का नतीजा नहीं निकल पाया। वहीं, हार के बाद वेस्ट दिल्ली लायंस अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। लायंस ने डीपीएल 2026 में 8 मैच खेले हैं, जिसमें 3 जीते हैं तो 4 हारे हैं। वहीं, एक मैच का नतीजा नहीं निकल पाया। वहीं, डब्ल्यूडीएल की यह लगातार तीसरी हार भी है। अब देखना होगा कि यहां से आयुष डोजा अपनी टीम की वापसी कैसे करवाते हैं।

ये भी पढ़ें- कप्तान की चोट ने बढ़ाई टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें, अब ये खिलाड़ी संभालेगा कमान!

Written By Aman Sharma