Aakash Chopra: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने देवदत्त पडिक्कल के शानदार शतक की बदौतल पहली पारी में 462 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंकाई पारी तीसरे दिन सिर्फ 284 रन पर सिमट गई। श्रीलंका की ओर से सोनल दिनुशा ने शतक जड़ा था और फॉलोऑन बचा लिया था। हालांकि, पहली पारी में भारत 178 रन की मजबूत बढ़त लेने में सफल रहा था और चौथे दिन अपनी दूसरी पारी की शुरुआत करेगा। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम को गॉल टेस्ट में जीत का अहम मंत्र दिया है।

आकाश चोपड़ा ने दिया जीत का मंत्र

भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने अपनी वीडियो में कहा कि भारत के पास पहले से 178 रन की बढ़त है और चौथे दिन इतने ही रन और जोड़कर 350 के करीब पहुंचकर पारी को घोषित कर देना चाहिए। साथ ही पूर्व ओपनर ने बल्लेबाजों को यह भी नसीहत दी कि वह थोड़ी तेज बल्लेबाजी करें। अगर चौथे दिन भारत को सिर्फ 40 ओवर मिलते हैं, तो इसमें कम से कम 200 रन बनाना होगा। बारिश की संभावानओं के कारण बल्लेबाजों को आक्रामक बल्लेबाजी करनी होगी।  आकाश ने यह भी कहा कि भारतीय टीम की बैटिंग लाइन-अप में काफी गहराई है और इसका उनको फायदा उठाना होगा और तेजी से रन बनाने की ओर ध्यान देना होगा।

आकाश ने दी खास नसीहत

आकाश चोपड़ा ने अपनी वीडियो में यह भी बताया कि आखिर टीम इंडिया गॉल टेस्ट में किस तरह से हार सकती है। उन्होंने कहा, 

अगर चौथे दिन 50 ओवर का खेल होता है और पांचवें दिन सिर्फ 40 ओवर ही हो पाते हैं तो हम 90 ओवरों में उनको हरा सकते हैं। अगर मैच पूरे ओवरों का होता है और हम उनको अगर ऑलआउट नहीं कर पाते हैं तो उनके पास 350 रन बनाने का पर्याप्त समय होगा।’’

हालांकि, गॉल टेस्ट के पांचवें दिन 350 रन बनाना श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए भी आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि मुकाबले के शुरुआती तीन दिनों में स्पिनरों का बोलबाला रहा है और भारत ने इसी को देखते हुए तीन स्पिनर्स को प्लेइंग इलेवन में खिलाया है। साथ ही भारतीय स्पिनरों को पिच से पहली पारी में काफी मदद मिलती दिखी थी।

आखिरी दो दिन बारिश की संभावना

गॉल टेस्ट के आखिरी दो दिनों में बारिश की पूरी संभावनाए हैं। शुरुआती तीन दिनों की तरह ही चौथे दिन भी बारिश मैच का मजा किरकिरा कर सकती है। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक बारिश की संभावना अधिक है। वहीं, पूरे दिन में अगर रुक-रूककर भी बारिश होती है तो यकीनन यह भारत के लिए चिंता की बात होगी, क्योंकि टीम इंडिया इस मैच में ड्राइविंग सीट पर नजर आ रहा है। पहली पारी में 178 रन की मजबूत बढ़त लेने के बाद उनको जीत का मजबूत दावेदार माना जा रहा है, लेकिन देखना होगा कि क्या भारतीय बल्लेबाज चौथे दिन तेजी से रन बनाने में सफल होते हैं या फिर नहीं।

ये भी पढ़ें- अर्धशतक के बाद मैदान पर फूट-फूट कर रोने लगे Nitish Rana, अंपायर समेत साथी खिलाड़ियों ने संभाला

Written By Aman Sharma