Hockey World Cup 2026: हॉकी विश्व कप 2026 की शुरुआत 15 अगस्त से होने जा रही है, जिसमें भारतीय टीम अपने 51 साल के सूखे को समाप्त करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। भारतीय टीम ने केवल एक बार विश्व कप का खिताब उठाया है, जो कि उन्होंने साल 1975 में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 2-1 से हराकर जीता था। इसके बाद से भारत हॉकी वर्ल्ड कप का खिताब नहीं उठा पाया है। ऐसे में वर्तमान कप्तान हरमनप्रीत सिंह के कंधों पर भारत को विश्व कप जिताने की जिम्मेदारी होगी।
51 साल का इंतजार होगा खत्म!
भारत के पास हॉकी वर्ल्ड कप 2026 जितने का शानदार मौका होगा, लेकिन यह उनके लिए इतना भी आसान नहीं होने वाला है। भारत ट्रॉफी उठाने के लिए कई मजबूत टीमों को मात देनी होगी, जिसमें इंग्लैंड और वेल्स जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं। बता दें कि भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ मुकाबले से करेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम के पास इस बार ट्रॉफी उठाने का शानदार मौका होगा। पूल चरण में भारत (8वीं रैंकिंग) के सामने जिन टीमों की चुनौती होगी, उसमें केवल इंग्लैंड (तीसरी रैंकिंग) है, जो कि उनसे आगे है। जबकि पाकिस्तान रैंकिंग में 12वें और वेल्स 15वें स्थान पर मौजूद हैं।
शीर्ष दो में करना होगा समाप्त
ग्रुप स्टेज के लिए सभी 16 टीमों को चार-चार के ग्रुप में बांटा गया है। इसमें भारत को पूल डी में रखा गया है, जिसमें उनके साथ इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स की टीमें हैं। पूल में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमों को आगे जाने का मौका मिलेगा, तो अन्य दो टीमों का सफर यहीं पर समाप्त हो जाएगा। ऐसे में भारतीय टीम की कोशिश होगी कि वह अपने सभी मुकाबले जीतकर अगले राउंड में प्रवेश करें और उनको दूसरी टीमों पर निर्भर न रहना पड़े।
19 अगस्त को होगा भारत-पाकिस्तान मैच
विश्व कप 2026 शुरू होने से पहले टीम इंडिया के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि टीम उसी मानसिकता के साथ मैदान पर उतरेगी जो कि पिछले दो ओलंपिक में थी। हमें पूरी उम्मीद है कि जिस तरह से हमने 41 साल बाद टोक्यो में ओलंपिक पदक जीता था ठीक उसी तरह 51 साल बाद वर्ल्ड कप के सूखे को समाप्त करेंगे। कप्तान ने यह भी कहा कि उनकी टीम पर पदक जिताने का दबाव नहीं, बल्कि ये उनकी जिम्मेदारी है।
बता दें कि, हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का धमाकेदार मुकाबला 19 अगस्त को खेला जाएगा, जिसका इंतजार भारतीय फैंस काफी बेसब्री से कर रहे हैं। इससे पहले 17 अगस्त को भारत का सामना इंग्लैंड से होगा, जिनसे उनको कड़ी चुनौती मिल सकती है।
ये भी पढ़ें- मनविंदर बिस्ला ने दी KKR मैनेजमेंट को वार्निंग, इन 5 खिलाड़ियों से दूर रहने को कहा
Written By Aman Sharma