Besan Ladoo Recipe: दिवाली का त्योहार मिठाइयों के बिना अधूरा माना जाता है। त्योहार के दिन सभी के घरों में तरह-तरह के पकवान बनता और मिठाइयां बनाई जाती हैं। इन्हीं में से एक है बेसन के लड्डू, जिनका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।

घी की खुशबू, भुने हुए बेसन का स्वाद और इलायची की मिठास इन लड्डुओं को खास बनाती है। अगर आप भी इस दिवाली बाजार जैसे दानेदार और स्वादिष्ट बेसन के लड्डू घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें।

बेसन के लड्डू बनाने के लिए सामग्री

घर पर स्वादिष्ट बेसन के लड्डू बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए 2 कप मोटा बेसन, 1 कप पिसी हुई चीनी, आधा कप देसी घी, आधा चम्मच इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए बादाम-पिस्ता लें। लड्डुओं को बाजार जैसी दानेदार बनावट देने के लिए बेसन के साथ थोड़ी सूजी भी मिला सकते हैं। इससे लड्डू खाने में और भी स्वादिष्ट लगेंगे।

धीमी आंच पर बेसन को अच्छी तरह भूनें

सबसे पहले एक कड़ाही में देसी घी गर्म करें। अब इसमें बेसन डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। ध्यान रखें कि बेसन कड़ाही में कहीं से जले नहीं। शुरुआत में बेसन गाढ़ा दिखाई देगा, लेकिन कुछ देर बाद इसका रंग बदलने लगेगा और भीनी-भीनी खुशबू आने लगेगी। बेसन को हल्का सुनहरा होने तक अच्छी तरह भूनें। इसके बाद गैस बंद करके मिश्रण को ठंडा होने दें।

इस तरह बनाएं गोल और दानेदार लड्डू

जब बेसन का मिश्रण हल्का गर्म रह जाए, तब इसमें पिसी हुई चीनी, इलायची पाउडर और कटे हुए बादाम-पिस्ता डालकर अच्छी तरह मिलाएं। ध्यान रखें कि बेसन बहुत गर्म न हो, वरना चीनी पिघल सकती है। अब थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथ में लेकर दबाते हुए गोल लड्डू तैयार करें। अगर मिश्रण बिखर रहा हो, तो थोड़ा पिघला हुआ घी मिला लें।

एयरटाइट डिब्बे में करें स्टोर

तैयार लड्डुओं को कुछ देर खुला रख दें, ताकि वे अच्छी तरह सेट हो जाएं। इसके बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें। इस दिवाली घर पर बने शुद्ध देसी घी के दानेदार बेसन लड्डुओं से मेहमानों और परिवार का मुंह मीठा कराएं।

ये भी पढ़ें: 40 के बाद दिल की सेहत को न करें नजरअंदाज! ये 3 टेस्ट जरूर करवाएं