दिवाली का त्योहार मिठाइयों के बिना अधूरा है। इस मौके पर लोग घरों में बर्फी, लड्डू, रसगुल्ले और दूसरी मिठाइयां लेकर आते हैं। लेकिन त्योहारों के दौरान मिलावटी और दूषित मिठाइयों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसी मिठाइयां खाने से फूड पॉइजनिंग और पेट से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
मिठाइयों में हो सकती है खतरनाक मिलावट
ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए कुछ दुकानदार मावा में स्टार्च, चावल या गेहूं का आटा और अन्य मिलावटी पदार्थ मिला सकते हैं। घी की जगह वनस्पति या पाम ऑयल का इस्तेमाल भी किया जाता है। वहीं, मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए प्रतिबंधित या असुरक्षित रंगों का इस्तेमाल सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। चांदी के वर्क की जगह एल्युमिनियम फॉयल लगाए जाने की आशंका भी रहती है।
असली मिठाई खरीदने के लिए अपनाएं ये तरीके
सबसे पहले, बहुत ज्यादा चमकीले और गहरे रंग वाली मिठाइयां खरीदने से बचें, क्योंकि इनमें हानिकारक रंग हो सकते हैं। मिठाई खरीदने से पहले उसकी खुशबू और ताजगी जरूर जांचें। पैक्ड मिठाई लेते समय एक्सपायरी डेट और FSSAI लाइसेंस नंबर देखें। हमेशा साफ-सुथरी दुकान से मिठाई खरीदें। खुली, गंदी और मक्खियों के आसपास रखी मिठाइयों से दूर रहें। छोटी सावधानियां आपको सेहतमंद रख सकती हैं।
फूड पॉइजनिंग के दिख सकते हैं ये लक्षण
दूषित मिठाई खाने से साल्मोनेला, ई. कोलाई और नोरोवायरस जैसे संक्रमण हो सकते हैं। इसके लक्षण कुछ घंटों से लेकर कुछ दिनों में सामने आ सकते हैं। इनमें पेट दर्द, ऐंठन, दस्त, उल्टी, जी मिचलाना, बुखार, ठंड लगना और कमजोरी शामिल हैं। ऐसे में पर्याप्त पानी और ओआरएस लेना जरूरी है।
इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें
मिलावटी मिठाई या दूषित भोजन खाने से फूड पॉइजनिंग की समस्या हो सकती है। कुछ गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है। उल्टी या मल में खून आना, तेज बुखार, लगातार उल्टी होना और पानी भी पेट में न टिकना खतरे के संकेत हैं। इसके अलावा पेशाब कम होना, मुंह सूखना, चक्कर आना, धुंधला दिखना, मांसपेशियों में कमजोरी या निगलने में परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय मदद लें। तीन दिन से ज्यादा दस्त रहने पर भी डॉक्टर को दिखाएं। दिवाली की खुशियों के साथ सेहत का ध्यान रखें और मिलावट का शक होने पर मिठाई न खाएं। FSSAI या नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
ये भी पढ़ें: ठंड में Asthma के मरीज रखें इन बातों का ध्यान! एक्सरसाइज करते समय न करें ये गलतियां