अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में प्राचीन सिद्धपीठ खेरेश्वर धाम शिव मंदिर से जुड़ा एक मामला सामने आया है। मंदिर के गर्भगृह में बकरे का मांस ले जाने के आरोप में पुलिस ने एक सरकारी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनवारुद्दीन पुत्र हकीक उल्ला के रूप में हुई है। वह पिसावा क्षेत्र में सरकारी शिक्षक के पद पर तैनात है और क्वार्सी थाना क्षेत्र के धौर्रा माफी का निवासी बताया गया है।
मंदिर समिति और करणी सेना ने पकड़ा
मिली जानकारी के मुताबिक, मंदिर परिसर में आरोपी को मंदिर समिति और करणी सेना के सदस्यों ने कथित तौर पर बकरे के मांस के साथ पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की गई।
एसएसपी ने मंदिर पहुंचकर किया निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए अलीगढ़ के एसएसपी नीरज जादौन ने खेरेश्वर धाम मंदिर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मामले से जुड़ी जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298, 302, 196(2), 351(2) और 331(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनवारुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह पूरा मामला लोधा थाना क्षेत्र स्थित प्राचीन सिद्धपीठ खेरेश्वर धाम मंदिर का है।
यह भी पढ़ें: आज सुबह की बड़ी खबरें: 4 नवंबर की बड़ी सुर्खियां, देश-दुनिया में क्या-क्या हुआ?