शादी का दिन हर कपल के लिए जिंदगी के सबसे खास दिनों में से एक होता है, लेकिन इस दिन की भागदौड़, रस्मों और मेहमानों की मेजबानी के बीच दूल्हा-दुल्हन को एक-दूसरे के साथ समय बिताने का ज्यादा मौका नहीं मिल पाता। सुबह से शुरू हुई तैयारियां देर रात तक चलती रहती हैं। ऐसे में जब दोनों को पहली बार अकेले बैठने का मौका मिलता है, तब तक काफी थकान हो चुकी होती है।

शादी की पहली रात को लेकर हर किसी के मन में कुछ न कुछ उम्मीदें होती हैं। हालांकि, इस मौके को यादगार बनाने के लिए जरूरी नहीं कि कोई खास रोमांटिक प्लान बनाया जाए। पति अगर अपनी पत्नी की भावनाओं को समझे, उसकी बात सुने और उसे सहज महसूस कराए, तो यह छोटी-छोटी बातें रिश्ते की मजबूत नींव रख सकती हैं। आइए जानते हैं कि शादी की पहली रात पत्नी से किन बातों पर बातचीत करना अच्छा रहेगा।

दिनभर के अनुभव के बारे में पूछें

शादी के दिन दुल्हन भी कई रस्मों और जिम्मेदारियों में व्यस्त रहती है। इसलिए रात में सबसे पहले उससे पूछें कि उसका पूरा दिन कैसा बीता। उसे कौन-सा पल सबसे अच्छा लगा और किस बात ने उसे सबसे ज्यादा खुश किया। उसकी बातों को ध्यान से सुनें और बातचीत को सहज बनाए रखें। इससे उसे महसूस होगा कि आप उसकी खुशियों और भावनाओं को महत्व देते हैं।

उसे अपनेपन और भरोसे का कराएं एहसास

शादी के बाद लड़की की जिंदगी में कई बदलाव आते हैं। नया घर, नए रिश्ते और नए माहौल के बीच उसे भावनात्मक सहारे की जरूरत हो सकती है। ऐसे में पत्नी को भरोसा दिलाएं कि वह अपनी हर परेशानी, खुशी और चिंता आपसे साझा कर सकती है। उसे बताएं कि आप केवल जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि उसके अच्छे दोस्त भी बनना चाहते हैं।

उसकी पसंद और जानें शौक

एक-दूसरे को समझने के लिए पसंद-नापसंद पर बातचीत करना अच्छा विकल्प है। पत्नी से उसके पसंदीदा गाने, फिल्में, खाना, घूमने की जगह और शौक के बारे में पूछें। यह भी जानें कि उसकी जिंदगी में ऐसे कौन-से सपने हैं जिन्हें वह पूरा करना चाहती है। अपनी पसंद भी उसके साथ साझा करें, ताकि बातचीत एकतरफा न लगे।

शादी के बाद उसके मन की बात समझें

नए रिश्ते की शुरुआत के साथ खुशी और उत्साह होना स्वाभाविक है, लेकिन मन में थोड़ी घबराहट भी हो सकती है। पत्नी से पूछें कि वह इस नए बदलाव को लेकर कैसा महसूस कर रही है। अगर वह किसी बात को लेकर असहज है, तो उसकी भावनाओं को नजरअंदाज न करें। बिना टोके उसकी बात सुनना भी प्यार जताने का एक खूबसूरत तरीका है।

किसी तरह की जल्दबाजी या दबाव न बनाएं

पहली रात को लेकर समाज में कई तरह की धारणाएं प्रचलित हैं, लेकिन हर कपल का अनुभव अलग होता है। जरूरी नहीं कि इस रात को रोमांटिक बनाने के लिए कोई खास उम्मीद पूरी की जाए। अगर पत्नी या आप दोनों थके हुए हैं, तो आराम करना बेहतर है। शारीरिक नजदीकी के मामले में भी दोनों की इच्छा और सहमति सबसे महत्वपूर्ण होनी चाहिए।

छोटे-छोटे कामों में उसका साथ दें

शादी के भारी कपड़े और गहने पहनकर पूरा दिन बिताना काफी थकाऊ हो सकता है। ऐसे में पत्नी को पानी देना, खाने के बारे में पूछना, सामान व्यवस्थित करने में मदद करना या उसे आराम करने का मौका देना अच्छे इशारे हैं। इन छोटी कोशिशों से उसे नए रिश्ते में अपनापन महसूस होगा।

ये भी पढ़ें- क्या आपका पार्टनर भी आपसे बोल रहा है झूठ? इन संकेतो से समझें पार्टनर का व्यवहार

शादी की खूबसूरत यादें साझा करें

अगर दोनों का मन हो, तो साथ बैठकर शादी की तस्वीरें और वीडियो देख सकते हैं। दिनभर की मजेदार घटनाओं को याद करें और उन पलों पर हंसें जिन्हें देखकर आप दोनों खुश हुए थे। इससे बातचीत भी आगे बढ़ेगी और साथ बिताया गया समय यादगार बन जाएगा।

आखिर में याद रखें: शादी की पहली रात किसी परीक्षा या परंपरा को निभाने का समय नहीं है। यह दो लोगों के एक नई जिंदगी शुरू करने का पहला मौका है। प्यार, सम्मान, धैर्य और आपसी सहमति के साथ बिताए गए कुछ सुकून भरे पल किसी भी महंगे इंतजाम से ज्यादा कीमती हो सकते हैं।