Delhi Shopping Markets: दिवाली का त्योहार आते ही बाजारों की रौनक बढ़ जाती है। हर कोई अपने घर को सजाने, नए कपड़े खरीदने और परिवार व रिश्तेदारों के लिए गिफ्ट लेने की तैयारी करता है। लेकिन त्योहार के समय ज्यादा खरीदारी करने से बजट बिगड़ सकता है।

अगर आप भी इस दिवाली दिल्ली में शॉपिंग करने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां के कुछ मशहूर बाजार आपके लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं। इन बाजारों में आपको कपड़ों से लेकर ज्वेलरी, दीये, लाइट और सजावट का सामान तक आसानी से मिल जाएगा।

चांदनी चौक और किनारी बाजार
दिवाली की शॉपिंग के लिए चांदनी चौक और किनारी बाजार काफी मशहूर हैं। यहां आपको साड़ियां, सूट, कपड़े, ज्वेलरी और पूजा का सामान मिल जाएगा।

वहीं, किनारी बाजार में तोरण, कंदील, सजावटी लड़ियां और गिफ्ट पैकिंग का सामान भी मिलता है। एक ही जगह पर कई तरह की खरीदारी करनी हो, तो यहां जा सकते हैं।
![]()
सदर बाजार
अगर आप कम कीमत में सजावट का सामान खरीदना चाहते हैं, तो सदर बाजार अच्छा विकल्प है। यहां दीये, गिफ्ट आइटम, लाइट की लड़ियां और कई तरह के डेकोरेशन आइटम मिलते हैं। यहां थोक और फुटकर दोनों तरह की खरीदारी की जा सकती है।

कुम्हार ग्राम
मिट्टी के दीये और पारंपरिक सजावट पसंद करने वालों के लिए उत्तम नगर का कुम्हार ग्राम खास जगह है। यहां मिट्टी के दीये, बर्तन और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां मिलती हैं। मिट्टी के सामान से आप अपने घर को खूबसूरत और पारंपरिक लुक दे सकते हैं।

सरोजिनी नगर और लाजपत नगर
दिवाली पर नए कपड़े, फुटवियर, बैग और फैशन एक्सेसरीज खरीदनी हैं, तो सरोजिनी नगर और लाजपत नगर जा सकते हैं। यहां अलग-अलग बजट में कई विकल्प मिल जाते हैं। खास बात यह है कि थोड़ी मोलभाव करके आप अच्छी डील भी पा सकते हैं।

करोल बाग
करोल बाग भी दिवाली शॉपिंग के लिए अच्छा बाजार है। यहां कपड़े, ज्वेलरी, फुटवियर और सजावट का सामान खरीद सकते हैं। यहां खरीदारी करते समय एक दुकान से दूसरी दुकान पर कीमत जरूर पता करें।

भागीरथ पैलेस
घर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाना है, तो भागीरथ पैलेस जरूर जाएं। यह दिल्ली का मशहूर लाइटिंग और इलेक्ट्रिकल बाजार है। यहां झालर, सजावटी लाइट, झूमर और कई तरह की लाइटिंग मिलती है।
-1793516883363.webp)
शॉपिंग करते समय इन बातों का रखें ध्यान
दिवाली की खरीदारी पर निकलने से पहले अपना बजट तय कर लें। सामान खरीदने से पहले दो-तीन दुकानों पर कीमत पूछें और उसकी क्वालिटी भी जांचें। इससे आप बिना ज्यादा पैसे खर्च किए अपनी पसंद की चीजें खरीद पाएंगे और दिवाली की खुशियां भी दोगुनी हो जाएंगी।

ये भी पढ़ें: अब पुरुष भी रोक सकेंगे प्रेग्नेंसी! जानिए Male Contraceptive Pill कैसे करेगी काम?