Mutton Pickle Recipe: अचार का नाम सुनते ही आम, नींबू और मिर्च जैसे कई स्वादिष्ट विकल्प याद आने लगते हैं। लेकिन क्या आपने कभी मटन का अचार खाया है? जी हां, बकरे के मांस से बनने वाला मटन अचार अपने चटपटे और मसालेदार स्वाद के लिए खास माना जाता है। अगर आप नॉनवेज खाने के शौकीन हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका।
सबसे पहले तैयार करें अचार का मसाला
मटन अचार बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में जीरा, धनिया, मेथी और सरसों के दाने डालकर मध्यम आंच पर भून लें। जब मसालों से खुशबू आने लगे तो इन्हें ठंडा करके मिक्सर में बारीक पीस लें। तैयार मसाले को अलग रख दें।
नींबू के रस में मैरिनेट करें मटन
अब मटन को अच्छी तरह धोकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें। इसमें नींबू का रस मिलाकर करीब दो घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। इसके बाद मटन में अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
धीमी आंच पर पकाएं मटन
मटन को ढककर धीमी आंच पर लगभग 30 मिनट तक पकाएं। मटन अपना पानी छोड़ देगा, इसलिए अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं होगी। जब मटन नरम हो जाए तो तेज आंच पर पकाकर उसका बचा हुआ पानी पूरी तरह सुखा लें।
तेल और मसालों में करें तैयार
अब दूसरे पैन में करीब 300 मिलीलीटर तेल गर्म करें। इसमें जीरा, सरसों, मेथी, सूखी लाल मिर्च, लहसुन और सूखे करी पत्ते डालकर भूनें। इसके बाद पका हुआ मटन डालकर 4-5 मिनट तक हल्का भूरा होने तक भून लें।
आखिर में डालें नींबू का रस
अब गैस बंद करके मटन में नमक और तैयार किया हुआ पिसा मसाला डालें। स्वादानुसार लाल मिर्च और गरम मसाला भी मिला सकते हैं। मटन थोड़ा ठंडा होने पर इसमें तीन नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आपका चटपटा मटन अचार तैयार है। इसे पूरी तरह ठंडा करके साफ और सूखे एयरटाइट कंटेनर में रखें। ध्यान रखें कि मटन का अचार सामान्य सब्जियों के अचार की तरह लंबे समय तक कमरे के तापमान पर सुरक्षित नहीं रहता। इसे फ्रिज में रखें और हमेशा साफ, सूखे चम्मच से ही निकालें।
ये भी पढ़ें: अस्पताल या मौत का अड्डा? इंफेक्शन से 30 दिन में 77% मरीजों की मौत!