नई दिल्ली: रणबीर कपूर और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की वर्ल्डवाइड एडवांस बुकिंग 75 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। वहीं, भारत में अब तक 9 लाख से अधिक टिकटों की बिक्री हो चुकी है।
फिल्म की रिलीज डेट नजदीक आने के साथ ही एडवांस बुकिंग में तेजी देखने को मिल रही है। शुरुआत में सीमित सिनेमाघरों में टिकटों की बिक्री शुरू हुई थी, लेकिन अब देशभर में लगातार नए सिनेमाघरों को बुकिंग के लिए जोड़ा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार सुबह तक फिल्म के लिए स्क्रीन्स की संख्या बढ़कर करीब 3,500 हो गई थी।
भारत में एडवांस बुकिंग से 37 करोड़ रुपये की कमाई
‘रामायण’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एडवांस बुकिंग के जरिए करीब 37 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। इसमें पहले दिन के लिए लगभग 22 करोड़ रुपये की टिकट बिक्री शामिल है। बाकी कमाई विस्तारित वीकेंड के लिए हुई बुकिंग से आई है।
फिल्म को हिंदी भाषी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा प्रतिक्रिया मिल रही है। हालांकि, कन्नड़ और तेलुगु वर्जन की टिकट बिक्री में भी तेजी आई है। अब तक देशभर में करीब 9 लाख टिकट बिकने की खबर है।
विदेशों में भी फिल्म का जबरदस्त क्रेज
भारतीय बाजार के साथ-साथ विदेशी सिनेमाघरों में भी ‘रामायण’ को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। ओवरसीज मार्केट में एडवांस बुकिंग से फिल्म करीब 3.9 मिलियन डॉलर यानी लगभग 32 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।
नॉर्थ अमेरिका में फिल्म के लिए 4 नवंबर को पेड प्रीव्यू रखे गए हैं। वहीं, आईमैक्स जैसे प्रीमियम फॉर्मेट में भी फिल्म को बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है। खास बात यह है कि कुल स्क्रीन्स में सीमित हिस्सेदारी होने के बावजूद आईमैक्स टिकटों की बिक्री फिल्म की कुल एडवांस बुकिंग में बड़ा योगदान दे रही है।
दो भागों में रिलीज होगी ‘रामायण’
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बन रही ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए निर्धारित है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा। इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है।
रिलीज से पहले ही जिस तरह फिल्म की एडवांस बुकिंग को लेकर उत्साह दिख रहा है, उससे बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब देखना होगा कि सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद ‘रामायण’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में प्रदूषण पर सख्ती, पहले ही दिन 68 लाख रुपये का जुर्माना; 1,500 गाड़ियों को बॉर्डर से लौटाया