Weather News Today: देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता जारी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार, 12 सितंबर को उत्तर भारत से लेकर पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत तक कई राज्यों में बारिश और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
24 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 12 सितंबर को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, असम, त्रिपुरा, मेघालय, नागालैंड और सिक्किम में बारिश या आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
हालांकि, सभी राज्यों में अलर्ट का स्तर एक जैसा नहीं है। कहीं भारी बारिश तो कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा समेत पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम में इस बदलाव के पीछे उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और उत्तरी हरियाणा से बंगाल की खाड़ी के आसपास बने कम दबाव वाले क्षेत्र तक फैली ट्रफ को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
दिल्ली-NCR में बारिश और धूल भरी आंधी
राजधानी दिल्ली में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। दोपहर में कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी भी चली। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले तापमान की तुलना में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मयूर विहार, पालम, रिज और आया नगर समेत राजधानी के कई इलाकों में अगले दो दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है।
12 सितंबर को दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की भी आशंका है।
यूपी के कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी मौसम करवट ले सकता है। गाजियाबाद, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, अंबेडकर नगर, वाराणसी, चंदौली, बहराइच, सोनभद्र, मिर्जापुर, शाहजहांपुर, रामपुर, उन्नाव, प्रयागराज, देवरिया और गोरखपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तेज हवा और बारिश को देखते हुए किसानों को खेतों में खड़ी फसल और कटी हुई उपज को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
बिहार में भी बरसेंगे बादल
बिहार के कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। पटना, गया, जहानाबाद, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, रोहतास, औरंगाबाद, सिवान, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया और बेगूसराय में मौसम खराब रहने की संभावना है।
राज्य में कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
झारखंड और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं का खतरा
झारखंड के गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, साहेबगंज, रामगढ़, हजारीबाग, जमशेदपुर और पलामू में बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवा की गति करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ के सरगुजा, बिलासपुर, सूरजपुर, रायपुर, जांजगीर, धमतरी, दुर्ग, बस्तर, बेमेतरा और महासमुंद में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। यहां कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और नैनीताल में बारिश और तेज हवा की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, सिरमौर और कांगड़ा में भारी बारिश हो सकती है। मनाली में अधिकतम तापमान करीब 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी, अनंतनाग, बारामूला, गांदरबल, किश्तवाड़, डोडा, सांबा और कठुआ में बारिश और आंधी की संभावना है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा बना रह सकता है। ऐसे में यात्रियों को मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बारिश
राजस्थान के चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, बारां, कोटा, पाली, बीकानेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर में बारिश और आंधी की संभावना है। कुछ जगहों पर हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर, देवास, नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, खंडवा, गुना, मुरैना, श्योपुर, उज्जैन, विदिशा, अशोकनगर, नीमच, उमरिया, छिंदवाड़ा और कटनी में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इस दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी अलर्ट
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर, दार्जिलिंग, हावड़ा, नदिया, अलीपुरद्वार, कालिम्पोंग और बीरभूम में बारिश और तेज हवा की संभावना है। यहां हवा की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ओडिशा के सुंदरगढ़, भद्रक, मयूरभंज, भुवनेश्वर, पुरी, क्योंझर और बालासोर में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।
बारिश-आंधी के बीच लोग बरतें सावधानी
तेज हवा और गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर या अस्थायी ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित स्थान पर रखने और मौसम खराब होने की स्थिति में सिंचाई या छिड़काव का काम टालने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अलर्ट में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार बदलाव संभव है। ऐसे में लोगों को अपने क्षेत्र के स्थानीय मौसम बुलेटिन और जिला प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर बनाए रखनी चाहिए।