Aaj Ka Mausam 6 September 2026: देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता अभी कम होती नजर नहीं आ रही है। 6 सितंबर को दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पहाड़ी राज्यों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है।

कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं बिहार और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में इससे भी तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर कई इलाकों में देखने को मिल सकता है। पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी तेज बारिश के आसार हैं।

14 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

6 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।कई जगहों पर आंधी की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। कुछ इलाकों में यह 65-70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में खुले इलाकों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के आसपास सावधानी बरतने की जरूरत है।उत्तर भारत और पूर्वी हिस्सों में लगातार बारिश की वजह से नदियों के जलस्तर पर भी नजर रखने की जरूरत है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की परेशानी बढ़ सकती है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में 6 सितंबर की देर शाम तक बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक हवा की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।राजधानी में आज अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के दौरान सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होने और कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

यूपी के इन जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम का असर कई जिलों में देखने को मिल सकता है। गाजियाबाद, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, आजमगढ़, सोनभद्र, महाराजगंज, मिर्जापुर, बलिया, देवरिया, सिद्धार्थनगर, मुरादाबाद, कानपुर, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, बहराइच, कन्नौज, प्रयागराज, गोरखपुर और कुशीनगर में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है।इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार में 70 KM तक चल सकती है हवा

बिहार के कई जिलों में आज भारी बारिश के साथ तेज आंधी की संभावना है। गया, जहानाबाद, पटना, बक्सर, रोहतास, सिवान, कैमूर, मधेपुरा, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, बांका, मुंगेर और बेगूसराय में मौसम खराब रहने का अलर्ट है।कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा। पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

झारखंड में 8 सितंबर तक बारिश का असर

झारखंड के कई हिस्सों में 6 से 8 सितंबर के बीच भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। रांची, रामगढ़, पाकुड़, जामताड़ा, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा, सरायकेला और गुमला में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।हवा की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। रांची में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 22-23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

हरियाणा में इन जिलों में आंधी-बारिश

हरियाणा में फरीदाबाद, जींद, कैथल, रेवाड़ी, यमुनानगर, सिरसा, रोहतक, भिवानी, गुरुग्राम, फतेहाबाद, हिसार, झज्जर, सोनीपत, पानीपत और पलवल में बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है।इन इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

उत्तराखंड में भारी बारिश का खतरा

उत्तराखंड में पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, ऋषिकेश और बागेश्वर समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है।कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश की स्थिति में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना रह सकता है।देहरादून में आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम खराब

हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, सोलन और मंडी में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।पहाड़ी इलाकों में बारिश के दौरान यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। मनाली में आज अधिकतम तापमान करीब 14 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

जम्मू-कश्मीर में 70 KM तक हवा के झोंके

जम्मू-कश्मीर में भी मौसम करवट लेगा। जम्मू, रियासी, राजौरी, रामबन, कुलगाम, पुंछ, पुलवामा और कुपवाड़ा में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।यहां कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल में तेज बारिश और हवा

पश्चिम बंगाल के हावड़ा, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, कोलकाता, अलीपुरद्वार, दुर्गापुर और कूचबिहार में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है।हवा की गति 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

पंजाब में भी बारिश-आंधी का दौर

पंजाब में लुधियाना, कपूरथला, चंडीगढ़, फरीदकोट, फिरोजपुर, संगरूर, अमृतसर, होशियारपुर, गुरदासपुर, बठिंडा और बरनाला में बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना है। हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

राजस्थान में भारी बारिश की संभावना

राजस्थान के झुंझुनू, टोंक, बारां, बूंदी, दौसा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बाड़मेर, अलवर, झालावाड़, जैसलमेर, करौली, उदयपुर, सवाई माधोपुर और जयपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है।कुछ हिस्सों में तेज हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। जयपुर में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मध्य प्रदेश में भारी बारिश और आंधी

मध्य प्रदेश में कटनी, विदिशा, सिवनी, दमोह, होशंगाबाद, खरगोन, मंडला, खंडवा, बैतूल, नरसिंहपुर, इंदौर, सागर, छिंदवाड़ा और सीधी में बारिश के साथ तेज हवा का अलर्ट है।इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

 

बारिश के बीच इन बातों का रखें ध्यान


तेज हवा और आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स के नीचे खड़े होने से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने या यात्रा करने वाले लोग भारी बारिश के दौरान स्थानीय प्रशासन की सलाह को प्राथमिकता दें। किसानों के लिए भी तेज हवा और बारिश चिंता बढ़ा सकती है, खासकर खुले खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान का खतरा रह सकता है।