Saty Niketan Building CCTV Video: दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पीजी के तौर पर इस्तेमाल की जा रही पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसे में अब तक 6 छात्रों की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं, मलबे में अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के बाद राहत और बचाव टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला। देर रात तक मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश की जाती रही। इस बीच हादसे का एक CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें इमारत के अचानक गिरने का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है।

CCTV में कैद हुआ इमारत गिरने का पूरा मंजर

सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि इमारत गिरने से कुछ पल पहले वहां सामान्य गतिविधियां चल रही थीं। तभी अचानक पांच मंजिला बिल्डिंग भरभराकर नीचे गिर जाती है।इमारत के आसपास धूल का ऐसा गुबार उठता है कि कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका दिखाई देना बंद हो जाता है। फुटेज में बाहर बैठे एक व्यक्ति को अचानक मची हलचल के बाद अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए भी देखा जा सकता है।हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

धमाका समझ बैठे आसपास के लोग

इमारत गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद कई लोगों को शुरुआती तौर पर लगा कि कहीं कोई बड़ा धमाका हुआ है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज आवाज के बाद जब उन्होंने बाहर निकलकर देखा तो सामने धूल का गुबार और मलबे का ढेर था। कुछ ही देर में वहां चीख-पुकार शुरू हो गई और लोगों को समझ आया कि इमारत ढह गई है।एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि घटना के बाद हर तरफ अफरा-तफरी थी। लोग यह पता लगाने की कोशिश कर रहे थे कि मलबे के अंदर कौन-कौन फंसा है।

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने मलबा हटाने का काम शुरू किया। ऑपरेशन देर रात तक चलता रहा। मशीनों की मदद से मलबे की परतों को धीरे-धीरे हटाया गया, ताकि अंदर फंसे लोगों तक पहुंचा जा सके।मौके पर स्थानीय लोगों और छात्रों की भी बड़ी भीड़ जुट गई। कई छात्र अपने साथियों की तलाश में इधर-उधर घूमते दिखाई दिए। कुछ लोग बचाव दल के साथ मदद करने की कोशिश भी करते नजर आए।रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सबसे बड़ी चुनौती मलबे को सावधानी से हटाना रही, क्योंकि किसी भी जल्दबाजी से अंदर फंसे लोगों को नुकसान पहुंचने का खतरा था।

साथियों की तलाश में भटकते रहे छात्र

हादसे के बाद कई छात्र अपने दोस्तों और परिचितों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए मौके पर पहुंच गए।किसी का दोस्त फोन नहीं उठा रहा था तो कोई अपने साथी के मलबे में फंसे होने की आशंका से परेशान था। रात बढ़ने के साथ भी बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास मौजूद रहे।फिलहाल बचाव दल का ध्यान मलबे के अंदर किसी और व्यक्ति के फंसे होने की संभावना तलाशने और राहत कार्य पूरा करने पर है।

6 छात्रों की मौत से पसरा मातम

इस हादसे में अब तक 6 छात्रों की मौत की जानकारी सामने आई है। एक ओर जहां रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा, वहीं दूसरी तरफ मृतकों के परिवारों और दोस्तों के बीच मातम का माहौल है।सत्य निकेतन जैसे छात्र-बहुल इलाके में इस तरह इमारत ढहने की घटना ने वहां रहने वाले दूसरे छात्रों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।