नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नाराज फूफा' वाले बयान का समर्थन करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश के विकास, विरासत और संस्कृति से जुड़ी हर उपलब्धि पर सवाल उठाता है। हालांकि, विपक्ष की नाराजगी के बावजूद भारत के विकास की रफ्तार नहीं रुकेगी और 'विकसित भारत 2047' का संकल्प पूरा होकर रहेगा।
नितिन नवीन ने रविवार को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी के शनिवार को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में दिए संबोधन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए विपक्ष की तुलना 'नाराज फूफा' से की थी।
हर बात से असंतुष्ट रहते हैं कुछ लोग
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि परिवार और समाज में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो हर बात में कमी निकालते हैं और किसी भी परिस्थिति में संतुष्ट नहीं होते। प्रधानमंत्री ने ऐसे लोगों के लिए ही 'नाराज फूफा' शब्द का इस्तेमाल किया था।
नितिन नवीन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब देश विकास कर रहा है तो विपक्ष को इससे भी परेशानी होती है। उन्होंने सवाल किया कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर लाल चौक पर तिरंगा फहराया गया, तब भी विपक्ष नाराज क्यों हुआ?
नक्सलवाद खत्म हो रहा, तब भी खुश नहीं
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि देश में नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में लगातार काम हो रहा है, लेकिन विपक्ष इससे भी खुश नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का भी दावा किया और कहा कि विपक्ष इस उपलब्धि पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश की प्रगति, विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ते हुए देखना नहीं चाहता और उसका ध्यान राजनीतिक स्वार्थ तक सीमित है।
View this post on Instagram
विपक्ष की हालत नाराज फूफा जैसी
नितिन नवीन ने कहा कि आज विपक्ष की स्थिति उसी 'नाराज फूफा' जैसी हो गई है, जो हर मुद्दे पर विरोध करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 'विकसित भारत 2047' का विजन सिर्फ भाजपा का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के विरोध या नाराजगी से देश का विकास रुकने वाला नहीं है। भाजपा और देशवासी मिलकर विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार काम करते रहेंगे।
Reported by M. Athar Uddin Munne Bharati