PM Modi Vadodara Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को होने वाले वडोदरा कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में सार्वजनिक भागीदारी के लिए पहली बार BookMyShow के जरिए मुफ्त ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई। रजिस्ट्रेशन शुरू होने के महज एक घंटे के भीतर सभी सीटें बुक हो गईं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन बंद करना पड़ा, जबकि 42 हजार से ज्यादा आवेदकों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है।

वडोदरा नगर निगम (VMC) ने कार्यक्रम में भीड़ प्रबंधन और प्रवेश व्यवस्था के लिए निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया है। कार्यक्रम में आने वाले पंजीकृत लोगों को BookMyShow अकाउंट पर डिजिटल M-Ticket मिलेगा, जिसमें सुरक्षित लाइव QR कोड होगा। इसी QR कोड के जरिए प्रवेश का सत्यापन किया जाएगा।

डिजिटल होगी पूरी एंट्री व्यवस्था
रजिस्ट्रेशन से लेकर सत्यापन, कार्यक्रम स्थल में प्रवेश और सीटिंग तक पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। इसका उद्देश्य लोगों की एंट्री को तेज करना और कार्यक्रम स्थल पर भीड़ की आवाजाही को व्यवस्थित करना है।

35 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। वडोदरा में वह 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। 

पीएम मोदी वडोदरा में वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के 326 रूट किलोमीटर लंबे तीन महत्वपूर्ण सेक्शन राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुआ है। इनमें न्यू साणंद (उत्तर)-न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-न्यू जेएनपीटी सेक्शन शामिल हैं।

इन सेक्शन के शुरू होने से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPA) तक सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे एक्सपोर्ट-इंपोर्ट कार्गो की आवाजाही तेज होने, औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने तथा लॉजिस्टिक्स लागत घटने की उम्मीद है। साथ ही मुंबई के रेलवे नेटवर्क पर भी दबाव कम होगा।

चार जगहों से रवाना होंगी मालगाड़ियां
प्रधानमंत्री न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू जेएनपीटी, मुंबई से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा टांडा रोड और वडोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा को भी रवाना किया जाएगा।
पीएम मोदी छोटा उदयपुर-धार परियोजना के तहत तैयार जोबाट-टांडा रोड नई रेल लाइन राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे अलीराजपुर के दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से सीधा जुड़ाव मिलेगा।

9,700 करोड़ से ज्यादा की रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास
प्रधानमंत्री करीब 329 किलोमीटर लंबी और 9,700 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरंदा-मलसर गेज कन्वर्जन और विश्वामित्री-दभोई डबलिंग परियोजना शामिल हैं।
इनसे गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच यात्री एवं माल ढुलाई की क्षमता बढ़ने, रेल नेटवर्क पर दबाव घटने और कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

1,780 करोड़ के नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट भी शामिल
पीएम मोदी करीब 1,780 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें NH-48 के कामरेज-चलथान सेक्शन का सिक्स-लेनिंग, वडोदरा-सूरत सेक्शन पर तापी और नर्मदा पर प्रमुख पुलों समेत अतिरिक्त ढांचों का निर्माण और NH-53 पर अभवा, मिंधोला और खाजोद जंक्शन पर ग्रेड-सेपरेटेड संरचनाएं शामिल हैं।

गुजरात की परियोजनाओं पर भी फोकस
प्रधानमंत्री गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें वडोदरा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी रिंग रोड फेज-2, कड़ाना बांध पर 110 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट और वडोदरा नगर निगम के नए कार्यालय का निर्माण प्रमुख है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत आवासीय परियोजनाओं और पूर्वी वडोदरा के 11 गांवों के लिए जलापूर्ति परियोजना का उद्घाटन भी करेंगे।

मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
वडोदरा के बाद प्रधानमंत्री मुंबई में Global Fintech Fest (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे। दुनिया के प्रमुख फिनटेक सम्मेलनों में शामिल GFF का सातवां संस्करण 8 से 11 सितंबर 2026 तक मुंबई में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम 'Potential to Impact: Agentic AI, Tokenisation, Quantum - Trusted, Connected, Global Systems for Inclusive Finance' रखी गई है।

सम्मेलन में नीति निर्माता, नियामक, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक कंपनियां, टेक्नोलॉजी कंपनियां, निवेशक और अकादमिक जगत के विशेषज्ञ वित्त के भविष्य पर चर्चा करेंगे। भारत के डिजिटल पेमेंट और वित्तीय समावेशन में नेतृत्व को आगे बढ़ाते हुए सम्मेलन में Agentic AI, प्रोग्रामेबल फाइनेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी और अन्य उभरती तकनीकों के जरिए भरोसेमंद, समावेशी और प्रभावी वित्तीय व्यवस्था तैयार करने पर मंथन होगा।