Land Rover ने भारतीय बाजार में अपनी नई Range Rover SV Sawai Collection पेश कर दी है। इस खास लग्जरी कार की एक्स-शोरूम कीमत 4.90 करोड़ रुपये रखी गई है। कंपनी ने इसे बेहद खास बनाने के लिए सिर्फ 18 कारें तैयार की हैं। इस कलेक्शन की खास बात यह है कि इसके डिजाइन में राजस्थान के तीन मशहूर शहरों जयपुर, जोधपुर और जैसलमेर की खूबसूरती और संस्कृति को दिखाया गया है।
भारत के लिए तैयार किया गया खास कलेक्शन
Range Rover SV Sawai Collection भारत के लिए तैयार की गई कंपनी की तीसरी खास Bespoke सीरीज है। इससे पहले कंपनी SV Ranthambore और SV Masara एडिशन भी लॉन्च कर चुकी है। इस बार कंपनी ने राजस्थान की ऐतिहासिक इमारतों, रंगों और पारंपरिक कलाकारी से प्रेरणा लेकर इस कार को नया लुक दिया है।
तीन अलग-अलग एडिशन में मिलेगी कार
इस कलेक्शन में Sawai Jaipur, Sawai Jodhpur और Sawai Jaisalmer नाम के तीन एडिशन शामिल हैं। हर एडिशन की केवल छह कारें बनाई गई हैं,यानी तीनों को मिलाकर कुल 18 ग्राहक ही इस खास कार को खरीद सकेंगे। तीनों मॉडल में 23 इंच के शैम्पेन कलर वाले अलॉय व्हील दिए गए हैं। इसके अलावा एटलस सिल्वर एक्सटीरियर पैक और 24 कैरेट गोल्ड प्लेटेड Range Rover लोगो भी मिलता है। हर कार में एक खास प्लेट लगी है, जिस पर एडिशन का नाम और '1 of 6' लिखा हुआ है।
पिंक सिटी से मिली प्रेरणा
जयपुर एडिशन को शहर की पहचान यानी गुलाबी रंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके बाहरी हिस्से में रोज टिंट वाला रंग मिलता है। वहीं, अंदर इक्रू और डीप गार्नेट कलर का इस्तेमाल किया गया है। इसकी सीटों पर बनी कढ़ाई जयपुर के मशहूर हवा महल की खिड़कियों यानी झरोखों के डिजाइन से प्रेरित है। इसके स्टीयरिंग व्हील पर भी डीप गार्नेट और एबोनी लेदर का इस्तेमाल किया गया है। कुल मिलाकर इस एडिशन में जयपुर की पारंपरिक खूबसूरती देखने को मिलती है।
ब्लू सिटी जैसा लुक
जोधपुर एडिशन को शहर के नीले रंग से प्रेरित होकर डिजाइन किया गया है। इसके एक्सटीरियर में हल्का नीला रंग दिया गया है, जबकि केबिन में पर्लिनो और रिवेरा कलर का कॉम्बिनेशन मिलता है। इसकी सीटों पर की गई कढ़ाई जोधपुर के पुराने महलों और किलों में बने जालीदार डिजाइनों से प्रेरित है। इसके अलावा कार के फ्लोर मैट को लिबर्टी ब्लू रंग दिया गया है। इनके किनारों पर भी इसी रंग से मेल खाती लेदर फिनिश मिलती है।
गोल्डन सिटी की झलक
जैसलमेर एडिशन को वहां के सुनहरे रंग और पीले बलुआ पत्थरों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके एक्सटीरियर में गोल्डन कलर मिलता है। वहीं, केबिन को पर्लिनो और कैरावे के ड्यूल-टोन कलर में तैयार किया गया है। इसकी सीटों पर बनी कढ़ाई जैसलमेर की पारंपरिक ब्लॉक प्रिंटिंग और ऐतिहासिक किले की बनावट से प्रेरित है। इस तरह कंपनी ने राजस्थान के तीनों शहरों की अलग-अलग पहचान को कार के डिजाइन में शामिल किया है।
चार सीटों वाला बेहद आरामदायक केबिन
इस कलेक्शन की सभी कारें लॉन्ग-व्हीलबेस Range Rover SV पर आधारित हैं। इनमें चार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम का खास ध्यान रखा गया है। रियर सीटों को जरूरत के हिसाब से पीछे की ओर झुकाया जा सकता है। इनमें हीटिंग, कूलिंग और मसाज जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। इसके अलावा पीछे बैठने वालों के लिए एंटरटेनमेंट स्क्रीन और फोल्ड होने वाली टेबल भी मिलती हैं। यानी इस कार में सफर के दौरान यात्रियों को प्रीमियम आराम का अनुभव देने की कोशिश की गई है।
ये भी पढ़ें- Tesla Model Y में आया Ghost Mode! अब सड़क पर भूतिया अंदाज में दौड़ेगी कार, फीचर्स देख चौंक जाएंगे लोग
दमदार V8 इंजन से लैस है Range Rover SV
Range Rover SV Sawai Collection के तीनों एडिशन में एक जैसा इंजन दिया गया है। इनमें 4.4 लीटर का ट्विन-टर्बो पेट्रोल V8 इंजन मिलता है। यह इंजन 537hp की अधिकतम पावर और 750Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसके साथ 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। खास डिजाइन, शानदार फीचर्स और दमदार इंजन के साथ यह कलेक्शन भारतीय बाजार में Range Rover की सबसे खास पेशकशों में शामिल है।