दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की दर्दनाक घटना के बाद सियासी प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। हादसे में कई लोगों की जान गई है, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। इस घटना को लेकर नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। JDU विधायक श्याम रजक ने हादसे पर दुख जताते हुए पूरे मामले की उचित और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

श्याम रजक ने जताया शोक

श्याम रजक ने कहा, "निश्चित रूप से वहां जो इमारत ढहने की घटना हुई, हम उस पर शोक व्यक्त करते हैं. लोगों को गिरफ्तार करने का काम, रिमांड पर लेने का काम चल रहा है… हादसा किस प्रकार से हुआ, इस पर भी कमेटी बनी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई को लेकर भी चर्चा होगी…"

उन्होंने कहा, "जो मृतक हैं, उनका पोस्टमार्टम करके शवों को सौंपा जा रहा है। घायलों का उपचार किया जा रहा है। मलबे को हटाने का काम किया गया है। जांच अधिकारी जांच कर रहे हैं..."

 

ये भी पढ़ें- अमेरिका के 9/11 हमलों से जुड़ा बड़ा राज? नए वीडियो ने बढ़ाई हलचल

घटना में 7 लोगों की मौत 

दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत गिरने से अब तक 7 लोगों की मौत हो गई है। 28 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 12 लोगों को बचा लिया गया है। जबकि 5 घायल अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, इसमें से तीन की हालत गंभीर है। वहीं इस हादसे के मामले में आरोपी हरिराम गुप्ता और उर्मिला गुप्ता के बेटे महेश गुप्ता को आरके पुरम पुलिस स्टेशन वापस लाया गया। हरिराम और उर्मिला गुप्ता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि महेश गुप्ता को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।