Abhinandan Varthaman FLY91: 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुई हवाई भिड़ंत के बाद देशभर में चर्चा में आए पूर्व भारतीय वायुसेना अधिकारी ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने अपने करियर की नई शुरुआत की है। वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन अब फाइटर जेट नहीं, बल्कि कमर्शियल पैसेंजर विमान उड़ाते नजर आएंगे। उन्होंने गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 को पायलट के तौर पर जॉइन किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनंदन अगस्त 2026 में FLY91 के साथ जुड़े हैं। एयरलाइन ने उनके कर्मचारी होने की पुष्टि तो की है, लेकिन उनकी नियुक्ति से जुड़ी निजी जानकारी साझा करने से इनकार किया है। बताया जा रहा है कि वह कमर्शियल ऑपरेशन शुरू करने से पहले जरूरी ट्रेनिंग से गुजर रहे हैं।अभिनंदन ने भारतीय वायुसेना में करीब 22 साल की सेवा के बाद इस साल मार्च में समय से पहले रिटायरमेंट लिया था। अब उनकी नई पारी सिविल एविएशन में शुरू हुई है।
2019 में मिग-21 से किया था पाकिस्तानी विमान का सामना
अभिनंदन वर्धमान फरवरी 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुई हवाई भिड़ंत के बाद पूरी दुनिया में चर्चा में आए थे। 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों की कार्रवाई के जवाब में भारतीय वायुसेना ने उन्हें मिग-21 बाइसन से उड़ान भरकर इंटरसेप्शन मिशन पर भेजा था।हवाई मुकाबले के दौरान उनके मिग-21 को भी नुकसान पहुंचा और उन्हें विमान से इजेक्ट करना पड़ा। वह पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में जा गिरे और पाकिस्तानी सेना ने उन्हें हिरासत में ले लिया अभिनंदन करीब तीन दिन तक पाकिस्तान की हिरासत में रहे। इसके बाद 1 मार्च 2019 को उन्हें अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत को सौंप दिया गया।
F-16 गिराने के लिए मिला वीर चक्र
2019 की इस हवाई भिड़ंत में अभिनंदन के पाकिस्तानी F-16 को मार गिराने का जिक्र उनके वीर चक्र प्रशस्ति पत्र में भी किया गया है। इसी असाधारण साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए उन्हें 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।अब वायुसेना की वर्दी छोड़कर अभिनंदन कमर्शियल एविएशन का हिस्सा बन गए हैं। FLY91 फिलहाल ATR 72-600 विमान संचालित करती है और इसके प्रमुख बेस गोवा और हैदराबाद में हैं। एयरलाइन ने मार्च 2024 में अपनी उड़ान सेवाएं शुरू की थीं।