Zakir Khan 'Papa Yaar' show: ज़ाकिर खान अपने नए स्टैंड-अप स्पेशल ‘पापा यार’ के साथ एक बार फिर दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार हैं। यह स्पेशल 18 सितंबर को Netflix पर रिलीज होगा। शो में ज़ाकिर ने पिता और बच्चे के बदलते रिश्ते को अपने निजी अनुभवों, हास्य और भावनात्मक किस्सों के जरिए पेश किया है।
पिता को एक अलग नज़रिए से देखने की कहानी
‘पापा यार’ सिर्फ कॉमेडी स्पेशल नहीं, बल्कि पिता को समझने की एक भावनात्मक यात्रा भी है। कहानी उस बदलाव को दिखाती है, जब बच्चा बड़ा होने के साथ अपने पिता को केवल अनुशासन और अधिकार के प्रतीक के रूप में देखना छोड़ देता है। इसके बजाय वह उन्हें सपनों, डर, कमजोरियों और अपनी अलग कहानी वाले इंसान के रूप में समझने लगता है। ज़ाकिर के मुताबिक, यह रिश्ता समय के साथ बदलता है और एक मुकाम पर पिता माता-पिता से आगे बढ़कर दोस्त, साथी और राज़दार जैसे बन जाते हैं। यही बदलाव ‘पापा यार’ का मुख्य भाव है।
पिता से मिली सीख को समझने का सफर
प्रेस नोट में ज़ाकिर खान ने बताया कि बचपन में उन्होंने अपने परिवार और उसकी परंपराओं के खिलाफ बगावत की थी। उन्हें लगता था कि वह उन सभी बातों को नकार रहे हैं, जिन्हें उनके पिता उन्हें सिखाना चाहते थे। लेकिन आज पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें महसूस होता है कि उनकी शख्सियत की बुनियाद उन्हीं मूल्यों और सीखों से बनी है। उन्होंने कहा कि 'पापा यार' उनके पिता और उन सभी पिताओं के प्रति आभार व्यक्त करने का तरीका है, जो बिना किसी दिखावे के अपने बच्चों की शख्सियत को आकार देते हैं।
दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचेगी कहानी
ज़ाकिर ने नेटफ्लिक्स की वैश्विक पहुंच को लेकर भी खुशी जताई। उन्हें उम्मीद है कि अलग-अलग देशों के लोग अपने परिवारों के साथ यह स्पेशल देखेंगे, हंसेंगे और इन कहानियों में अपने रिश्तों की झलक पाएंगे। उनका कहना है कि शो खत्म होने के बाद शायद कई लोग अपने पिता को याद करें और उन्हें फोन करें।
ये भी पढ़ें: Noida Bhangel Elevated Road: नोएडा वालों को मिलेगी शोर से राहत, भंगेल एलिवेटेड रोड पर लगेगा नॉइज बैरियर
2012 में मिली थी बड़ी पहचान
ज़ाकिर खान को 2012 में कॉमेडी सेंट्रल के 'इंडियाज बेस्ट स्टैंड-अप' प्रतियोगिता जीतने के बाद व्यापक पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने 'हक से सिंगल', 'कक्षा ग्यारहवीं' और कई अन्य स्टैंड-अप स्पेशल के जरिए भारत के साथ-साथ विदेशों में भी बड़ी फैन फॉलोइंग बनाई। अब ‘पापा यार’ के जरिए वह हास्य के साथ पिता-पुत्र के रिश्ते की भावनात्मक परतों को सामने लाने जा रहे हैं।