Rise and Fall 2 Winner Shehzad Poonawalla: पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के होस्ट किए गए लोकप्रिय रियलिटी शो 'MX Original Rise and Fall Season 2' को आखिरकार अपना विजेता मिल गया है। कई हफ्तों तक चले रोमांचक मुकाबले, रणनीति, राजनीति और उतार-चढ़ाव से भरे सफर के बाद शहजाद पूनावाला ने सीजन 2 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। उन्होंने 15 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स को पछाड़कर न सिर्फ 'Ultimate Ruler' का खिताब जीता, बल्कि 35 लाख रुपये की भारी-भरकम इनामी राशि भी हासिल की। वहीं, प्रियंका चाहर चौधरी फर्स्ट रनर-अप और गौतम गुलाटी सेकंड रनर-अप रहे।

शानदार परफॉर्मेंस और इमोशनल पलों से सजा ग्रैंड फिनाले

'Rise and Fall 2' का ग्रैंड फिनाले बेहद शानदार और मनोरंजक रहा। फिनाले की शुरुआत टॉप 6 फाइनलिस्ट्स की धमाकेदार स्टेज परफॉर्मेंस से हुई। इस दौरान शो के पुराने कंटेस्टेंट्स भी शामिल हुए और सभी ने अपनी पुरानी यादें ताजा कीं। मशहूर कॉमेडियन हर्ष गुजराल ने अपनी कॉमेडी से दर्शकों को खूब हंसाया। वहीं, फाइनलिस्ट्स के परिवार वालों की मौजूदगी ने माहौल को भावुक बना दिया।

हालांकि, जीत की राह में कई मुश्किल पड़ाव आए। 'Fortune Floor Pyramid' चैलेंज में पिछड़ने के कारण निहारिका तिवारी को शो से बाहर होना पड़ा। उनके एलिमिनेशन के बाद टॉप 5 कंटेस्टेंट्स सामने आए।

स्वरा भास्कर और करन पटेल का सफर खत्म

टॉप 5 में मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया। इसके बाद एलिमिनेशन राउंड में टीवी एक्टर करन पटेल और स्वरा भास्कर को शो से बाहर होना पड़ा। दोनों के बाहर होने के साथ ही शो को अपने टॉप 3 फाइनलिस्ट मिल गए। इनमें शहजाद पूनावाला, प्रियंका चाहर चौधरी और गौतम गुलाटी शामिल थे।

वोटिंग में डेडलॉक के बाद बने शहजाद विजेता

फिनाले में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया, जब टॉप 3 के बीच वोटिंग का मुकाबला डेडलॉक पर पहुंच गया। इसके बाद शो से बाहर हो चुके कंटेस्टेंट्स को अंतिम फैसला लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके वोटों के आधार पर गौतम गुलाटी तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, आखिरी मुकाबले में प्रियंका चाहर चौधरी को पीछे छोड़ते हुए शहजाद पूनावाला ने जीत हासिल की।

जीत के बाद शहजाद ने जताया आभार

विजेता बनने के बाद शहजाद ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह जीत उनके लिए शब्दों से परे है। टावर की ऊंचाइयों से लेकर बेसमेंट की अनिश्चितताओं तक उनका सफर आसान नहीं रहा। उन्हें हर परिस्थिति में खुद को ढालना पड़ा, लेकिन उन्हें हमेशा अपनी जीत पर भरोसा था।

शहजाद ने इस शानदार अनुभव के लिए शो के मेकर्स, प्राइम वीडियो और बनिजय एशिया का आभार जताया। उनकी यह जीत साबित करती है कि मुश्किल परिस्थितियों में आत्मविश्वास और रणनीति के दम पर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

ये भी पढ़ें: POCO का धांसू फोन हुआ सस्ता! ऐसी डील बार-बार नहीं मिलेगी!