Lollapalooza India 2027: Lollapalooza India ने 2027 एडिशन के लिए अपने लाइनअप की घोषणा कर दी है। दो दिवसीय यह म्यूज़िक फेस्टिवल 23 और 24 जनवरी 2027 को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित किया जाएगा। फेस्टिवल के पांचवें एडिशन में पॉप, रॉक, हिप-हॉप, इलेक्ट्रॉनिक, जैज और R&B समेत कई संगीत शैलियों के कलाकार एक मंच पर नजर आएंगे।
ओलिविया डीन और लिम्प बिजकिट मुख्य आकर्षण
इस बार ब्रिटिश सिंगर-गीतकार ओलिविया डीन और अमेरिकी रॉक बैंड लिम्प बिज़किट फेस्टिवल के प्रमुख कलाकार होंगे। 2026 ग्रैमी अवॉर्ड्स में बेस्ट न्यू आर्टिस्ट का पुरस्कार जीतने वाली ओलिविया डीन अपने लोकप्रिय गानों 'Messy', 'Dive' और 'Man I Need' के साथ दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
वहीं, न्यू-मेटल और रैप-रॉक के लिए मशहूर लिम्प बिज़किट भारत में अपना डेब्यू करेगा। बैंड 'Break Stuff', 'Rollin' और 'Nookie' जैसे हिट गानों के लिए जाना जाता है।
इंटरनेशनल कलाकारों की लंबी सूची
ग्लोबल गर्ल ग्रुप KATSEYE भी फेस्टिवल का हिस्सा होगा। ग्रुप 'Gnarly', 'Touch' और 'Gabriela' जैसे ट्रैक पेश करेगा। आयरिश रॉक बैंड Fontaines D.C., 5 Seconds of Summer और छह बार ग्रैमी विजेता St. Vincent भी परफॉर्म करेंगे।
इलेक्ट्रॉनिक म्यूज़िक के प्रशंसकों के लिए लाइनअप में Swedish House Mafia के सदस्य Steve Angello, जापानी कलाकार ¥ØU$UK€ ¥UK1MAT$U और बेल्जियम की जोड़ी 2manydjs शामिल हैं।
भारतीय संगीत को भी खास जगह
2027 एडिशन में भारतीय कलाकारों की मजबूत मौजूदगी देखने को मिलेगी। Aditya Gadhvi, Anuv Jain, Indian Ocean, Blackstratblues, Kayan, Ria Raj, Yashraj, Swadesi, Don Bhatt और The Manganiyar Seduction जैसे कलाकार प्रस्तुति देंगे।
तीन बार ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुके और पद्म श्री से सम्मानित संगीतकार Ricky Kej, The Police के Stewart Copeland के साथ विशेष प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम में रॉक, ऑर्केस्ट्रल और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत का अनोखा मेल देखने को मिलेगा।
ये भी पढ़ें: Janmashtami 2026: व्रत में एनर्जी बनाए रखने के लिए खाएं ये हेल्दी चीजें
चार स्टेज और अलग-अलग अनुभव
फेस्टिवल में संगीत के अलावा फूड एंड बेवरेज, आर्ट इंस्टॉलेशन और कई अन्य मनोरंजक अनुभव भी होंगे। पूरे आयोजन को चार स्टेज पर पेश किया जाएगा, जिससे दर्शकों को अलग-अलग शैलियों के संगीत का अनुभव मिलेगा। आयोजकों के मुताबिक, 'Early Bird' टिकट पहले ही बिक चुके हैं। अब सामान्य टिकटों की बिक्री अलग-अलग चरणों में आधिकारिक Lollapalooza India वेबसाइट के जरिए जारी है। जनवरी 2027 में होने वाला यह एडिशन भारत में लाइव म्यूजिक के बड़े आयोजनों में एक प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है।