कैटरीना कैफ आज बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिनके डांस नंबर रिलीज होते ही चर्चा में आ जाते हैं। ‘कमली’, ‘काला चश्मा’, ‘चिकनी चमेली’ और ‘स्वैग से स्वागत’ जैसे गानों में उनका डांस दर्शकों को खूब पसंद आया है। हालांकि, उनके करियर के शुरुआती दौर में तस्वीर इतनी शानदार नहीं थी। कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस ने हाल ही में कैटरीना के संघर्ष से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है।
शुरुआती दौर में सुननी पड़ी थी कड़ी बात
बॉस्को मार्टिस और सीजर गोन्साल्विस ने हाल ही में फराह खान के साथ एक पॉडकास्ट में अपने करियर और कोरियोग्राफी के अनुभवों पर बातचीत की। इसी दौरान कैटरीना के डांसिंग करियर का भी जिक्र आया।
बॉस्को ने नहीं कोरियोग्राफर का नाम
बॉस्को ने बताया कि शुरुआत में कैटरीना को अपनी डांसिंग स्किल्स को लेकर काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी, उन्होंने किसी कोरियोग्राफर का नाम लिए बिना बताया कि एक समय कैटरीना से यहां तक कह दिया गया था कि वह डांस में बिल्कुल अच्छी नहीं हैं और उन्हें यह छोड़ देना चाहिए।
मेहनत कर एक्ट्रेस ने किया सुधार
हालांकि, इस टिप्पणी ने कैटरीना का हौसला तोड़ने के बजाय उनके अंदर खुद को साबित करने का जज्बा पैदा कर दिया। बॉस्को के मुताबिक, उन्होंने इस बात को चुनौती की तरह लिया और लगातार मेहनत करके अपनी डांसिंग में सुधार किया।
‘शीला की जवानी’ ने बदल दी तस्वीर
बॉस्को ने कैटरीना के डांसिंग करियर में ‘शीला की जवानी’ को अहम मोड़ बताया। फिल्म ‘तीस मार खान’ का यह गाना रिलीज होने के बाद कैटरीना की डांसिंग को लेकर लोगों की राय काफी बदल गई थी।
फराह खान ने कही ये बात
पॉडकास्ट में फराह खान ने भी माना कि उस समय तक कैटरीना को मुख्य रूप से एक बेहतरीन डांसर के तौर पर पहचान नहीं मिली थी, उन्होंने कहा कि कैटरीना इससे पहले ‘टच मी’ जैसे गानों में नजर आ चुकी थीं, लेकिन उन्हें डांसर के रूप में खास पहचान नहीं मिली थी। फराह ने यह भी बताया कि कैटरीना के साथ उनका पहला गाना ‘जस्ट चिल’ था, जो फिल्म ‘मैंने प्यार क्यों किया’ का हिस्सा था।
4-5 से पहुंचीं 9 या 10 तक
बॉस्को की बात पर फराह खान ने मजाकिया अंदाज में कैटरीना की शुरुआती डांसिंग क्षमता का आकलन किया, उन्होंने कहा कि कैटरीना को ‘जीरो’ कहना शायद ठीक नहीं होगा। उनके मुताबिक, उस समय कैटरीना करीब 4 या 5 के स्तर पर रही होंगी, लेकिन ‘शीला की जवानी’ के बाद वह सीधे 9 या 10 तक पहुंच गईं।
फराह ने इन गानों का दिया उदाहरण
फराह ने आगे ‘चिकनी चमेली’ और ‘काला चश्मा’ जैसे गानों का उदाहरण देते हुए बताया कि कैटरीना ने बाद के वर्षों में अपने डांस को किस तरह एक अलग स्तर पर पहुंचाया। बॉस्को और सीजर ने भी उनके डांस की तारीफ की।
डांस नंबरों ने बनाई अलग पहचान
आज कैटरीना कैफ की पहचान सिर्फ उनकी फिल्मों और अभिनय तक सीमित नहीं है। उनके कई डांस नंबर बॉलीवुड के सबसे चर्चित गानों में शामिल हैं। ‘शीला की जवानी’ से लेकर ‘चिकनी चमेली’, ‘कमली’, ‘काला चश्मा’ और ‘स्वैग से स्वागत’ तक उन्होंने अलग-अलग अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन किया है।
ये भी पढ़ें- BB 20: तीसरे दिन ही घर में छिड़ा घमासान, मैरी कॉम ने मनोज तिवारी की बेटी को कहा मोटी; कैप्टेंसी टास्क में भी धक्का-मुक्की
मेहनत ने दिलाई पहचान
ऐसे में शुरुआती करियर में किसी का उन्हें डांस में ‘जीरो’ कहना उनके सफर का ऐसा किस्सा है, जो यह दिखाता है कि लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प से अपनी कमजोरियों को भी ताकत में बदला जा सकता है।