‘बिग बॉस 20’ का तीसरा दिन घरवालों के बीच बढ़ते तनाव और विवादों के नाम रहा। शो की शुरुआत में जहां कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती और आपसी तालमेल नजर आ रहा था, वहीं अब छोटी-छोटी बातों पर मतभेद सामने आने लगे हैं। किचन की जिम्मेदारियों और काम के बंटवारे को लेकर घर में माहौल गरम हो गया। इसी दौरान मैरी कॉम और मनोज तिवारी की बेटी रिति तिवारी के बीच भी तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

मैरी कॉम ने रिति के लिए किया आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल

किचन से जुड़े विवाद के दौरान मैरी कॉम ने रिति तिवारी पर टिप्पणी करते हुए उनके वजन को लेकर बोला। मैरी ने कहा कि जैसे ही खाने की खुशबू आती है, मोटी रिति खाना खाने पहुंच जाती हैं, जबकि बाद में उन्हें ही नॉमिनेट कर दिया जाता है। मैरी की इस टिप्पणी पर आसिफ खान ने तुरंत आपत्ति जताई और उन्हें ऐसे शब्दों का इस्तेमाल न करने की सलाह दी। इसके बाद रिति और मैरी के बीच बहस और बढ़ गई। मैरी ने रिति से कहा कि सिर्फ खाना खाने के लिए किचन में आने के बजाय उन्हें घर के कामों में भी हिस्सा लेना चाहिए।

घर की लड़कियों के मेकअप पर भी बोलीं मैरी

इसके अलावा मैरी कॉम घर में दूसरी महिला कंटेस्टेंट्स के मेकअप को लेकर भी अपनी राय जाहिर करती नजर आईं, उन्होंने कहा कि घर की कुछ लड़कियां जरूरत से ज्यादा मेकअप करती हैं और यह थोड़ा अजीब लगता है। मैरी ने अपने बारे में बताते हुए कहा कि वह आमतौर पर इतना मेकअप नहीं करतीं और बाहर शॉपिंग के दौरान ही ज्यादा तैयार होती हैं।

कैप्टेंसी टास्क में आसिफ और काजी के बीच बढ़ा विवाद

दूसरी ओर, कैप्टेंसी टास्क ने भी घर का माहौल पूरी तरह बदल दिया। पिछले एपिसोड में यंग डीएसए, गुल्लू और आसिफ खान कैप्टेंसी की रेस में तीन दावेदार बने थे। इसके बाद घर में कप्तानी हासिल करने के लिए टास्क कराया गया, जिसकी जिम्मेदारी माही विज को दी गई थी। टास्क के दौरान आसिफ खान और काजी तौकीर के बीच जमकर विवाद हो गया। मामला इतना बिगड़ा कि दोनों के बीच गाली-गलौज तक की नौबत आ गई। इसी दौरान आसिफ ने काजी को धक्का भी दे दिया। इसके बाद काजी ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आसिफ पर टिप्पणी की।

ये भी पढ़ें- ‘मिर्जापुर द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा जारी, मंगलवार को भी दिखी रफ्तार

लड़ाई के बीच कैप्टेंसी टास्क को रोका गया 

विवाद लगातार बढ़ता गया और आसिफ दोबारा काजी की तरफ बढ़ते नजर आए। इसी बीच आम्रपाली ने भी काजी के व्यवहार पर सवाल उठाया, उन्होंने आरोप लगाया कि काजी टास्क के दौरान लड़कियों को धक्का दे रहे हैं और उन्हें प्रतियोगिता से बाहर किए जाने की मांग की। इसके बाद आम्रपाली और काजी के बीच भी बहस शुरू हो गई। घर के बाकी सदस्यों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख कैप्टेंसी टास्क को बीच में ही रोकना पड़ा।

अगले एपिसोड में भी जारी रहेगा ड्रामा

‘बिग बॉस 20’ के घर में विवादों का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। आने वाले एपिसोड में कनिका मान और अर्शिफा के बीच भी जोरदार बहस देखने को मिलेगी। यानी घर में आने वाले दिनों में रिश्तों के समीकरण और भी तेजी से बदल सकते हैं।