Patna: बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) आलोक राज एक बार फिर अपनी गायकी को लेकर चर्चा में हैं। देश की प्रतिष्ठित म्यूजिक कंपनी T-Series ने उनकी आवाज में देवी मां का भक्ति गीत 'जोतावाली शेरावाली मां' रिलीज किया है। इस गाने में आलोक राज खुद भी नजर आ रहे हैं। गीत का संगीत निर्देशन दिलीप सेन-समीर सेन ने किया है, जबकि इसके बोल अशोक शौक ने लिखे हैं।

2011 में शुरू की शास्त्रीय संगीत की साधना

आलोक राज का संगीत से लगाव बचपन से रहा है। स्कूल और कॉलेज के दिनों में उन्हें फिल्मी गाने गाने का शौक था, लेकिन 1989 में IPS सेवा में आने के बाद पुलिस की व्यस्तताओं के कारण संगीत से दूरी बन गई। दिसंबर 2011 में उन्होंने संगीत गुरु अशोक कुमार प्रसाद के मार्गदर्शन में हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की विधिवत शिक्षा शुरू की।

2017 में रिलीज हुआ था पहला एल्बम 'साईं रचना'

करीब छह साल के नियमित रियाज के बाद 2017 में उनका पहला एल्बम 'साईं रचना' T-Series से रिलीज हुआ। उन्होंने कवि गोपालदास नीरज के गीतों, दुष्यंत कुमार की गजलों और संत कबीर के भजनों को भी अपनी आवाज दी है। भगवान शिव पर आधारित उनका भजन 'ये भोला सबसे बड़ा है' भी काफी चर्चित रहा।

1989 बैच के IPS अधिकारी, कई अहम पदों पर किया काम

मुजफ्फरपुर से ताल्लुक रखने वाले आलोक राज 1989 बैच के बिहार कैडर के IPS अधिकारी रहे हैं। उन्होंने CRPF में DIG और IG सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। नक्सल विरोधी अभियानों में भी उनकी अहम भूमिका रही। पुलिस मुठभेड़ में चार अपराधियों के मारे जाने के मामले में उन्हें राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया था। 30 अगस्त 2024 को उन्होंने बिहार DGP का पदभार संभाला और करीब 105 दिनों तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया। 31 दिसंबर 2025 को वह पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए।

तीन बार मिल चुका है राष्ट्रपति पदक

आलोक राज ने पटना विश्वविद्यालय से भूगर्भशास्त्र में एमएससी की पढ़ाई गोल्ड मेडल के साथ पूरी की। उन्हें 1994 में पुलिस वीरता पदक, 2008 में सराहनीय सेवा पदक और 2016 में विशिष्ट सेवा पदक मिला। उनका मानना है कि संगीत व्यक्तित्व को निखारने और तनावपूर्ण परिस्थितियों में सकारात्मकता बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। बिहार दिवस, राजगीर महोत्सव, सोनपुर मेले और ताज महोत्सव जैसे मंचों पर प्रस्तुति दे चुके आलोक राज का नया भक्ति गीत उनकी इसी संगीत साधना की एक और उपलब्धि है।, 7 tages for websites

ये भी पढ़ें: तब्बू के जन्मदिन पर नागार्जुन का बड़ा तोहफा! King 100 से शेयर किया पहला लुक