ओटीटी की चर्चित वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ पर बनी फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ सिनेमाघरों में दर्शकों का जबरदस्त मनोरंजन कर रही है। क्राइम और थ्रिल से भरपूर इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि वीकडेज में भी फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी है। फिल्म ने सोमवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए साल की सबसे ज्यादा सोमवार की कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर अपनी जगह बना ली। अब सबकी नजरें इसके पांचवें दिन यानी मंगलवार के कलेक्शन पर हैं। शुरुआती आंकड़ों से संकेत मिल रहे हैं कि मंगलवार को भी फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है।

चार दिनों में 100 करोड़ के पार पहुंची फिल्म

‘मिर्जापुर द मूवी’ ने सिनेमाघरों में 24.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन इसकी कमाई में अच्छी बढ़ोतरी हुई और फिल्म ने 32 करोड़ रुपये जुटाए। रविवार को भी दर्शकों का भरपूर साथ मिला और तीसरे दिन फिल्म ने करीब 36 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद सोमवार को फिल्म ने 16 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह चार दिनों में भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 109.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वहीं इसका घरेलू ग्रॉस कलेक्शन करीब 131.55 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

वर्ल्डवाइड भी मजबूत प्रदर्शन

विदेशी बाजार में भी ‘मिर्जापुर द मूवी’ को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। चौथे दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से लगभग 2.50 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही विदेशों में इसका कुल कलेक्शन 22.50 करोड़ रुपये हो गया है। भारत और विदेशी बाजार की कमाई को मिलाकर फिल्म ने रिलीज के चार दिनों में दुनियाभर में करीब 154.05 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।

क्या बन रहा है फिल्म का अगला पार्ट?

‘मिर्जापुर द मूवी’ के अगले पार्ट को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के लिए शुरुआत में दो पोस्ट-क्रेडिट सीन शूट किए गए थे। हालांकि बाद में इनमें से एक सीन को मौजूदा फिल्म से हटा दिया गया। अब इसी सीन को संभावित अगले पार्ट में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। एक रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से दावा किया गया है कि फिल्म का सीक्वल पहले से ही प्लान किया जा चुका था। ऐसे में ‘मिर्जापुर द मूवी’ के बाद कहानी को आगे बढ़ाने की तैयारी होने की खबरों ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

ये भी पढ़ें- स्वरा भास्कर ने ‘पद्मावत’ विवाद पर दी सफाई, कहा- मेरे बयान का किया जा रहा...

फिल्म में नजर आ रहे हैं ये सितारे

‘मिर्जापुर द मूवी’ की स्टारकास्ट काफी बड़ी है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, सुशांत सिंह, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, अंजुम शर्मा, सोनल चौहान, प्रियांशुल चटर्जी, ऋषि पायू और मनु कुलभूषण खरबंदा जैसे कलाकार अहम किरदारों में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। वहीं इसका निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले हुआ है।