मुंबई: मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ सीजन 18 के आगामी एपिसोड में अपनी जिंदगी की एक अधूरी इच्छा का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा से संगीत सीखने की इच्छा रही, लेकिन 84 साल की उम्र तक वह इसे पूरा नहीं कर सके।
आगामी एपिसोड में कंटेंट क्रिएटर कृतज्ञ बतौर कंटेस्टेंट नजर आएंगे। शो के मेकर्स द्वारा जारी प्रोमो में कृतज्ञ ने अमिताभ बच्चन के साथ ‘This or That’ गेम खेलने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह अभिनेता के साथ एक रील बनाना चाहते हैं और उम्मीद है कि इससे उनके कुछ फॉलोअर्स भी बढ़ेंगे। अमिताभ बच्चन ने उनके साथ गेम खेलने के लिए हामी भर दी।
गेम के दौरान कृतज्ञ ने बिग बी से पूछा कि क्या वह अपने अतीत के किसी दिन को दोबारा जीना चाहेंगे या ऐसा दिन अनुभव करना चाहेंगे, जो उन्होंने कभी नहीं जिया। अमिताभ बच्चन ने कहा कि उनकी जिंदगी में इतने घटनाक्रम हुए हैं कि किसी एक दिन को चुनना मुश्किल होगा।
बिग बी को संगीत सीखने की बहुत इच्छा थी
इसके बाद उन्होंने अपनी उस इच्छा के बारे में बताया, जिसे वह हमेशा से पूरा करना चाहते थे। अमिताभ ने गाना गाने और सितार जैसे वाद्य यंत्र बजाने वाले लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें भी संगीत सीखने की बहुत इच्छा थी।
अमिताभ बच्चन ने बताया कि उन्होंने घर में संगीत सीखने के लिए कई वाद्य यंत्र इकट्ठा करके रखे हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह उन वाद्य यंत्रों पर फूलों की माला चढ़ाकर इस उम्मीद में रखते हैं कि एक दिन वह संगीत सीख पाएंगे।
बिग बी की उम्र 84 साल हो गयी है
बिग बी ने कहा कि अब उनकी उम्र 84 साल हो गई है, लेकिन वह अभी तक संगीत नहीं सीख पाए हैं और इस बात का उन्हें काफी दुख है।
‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ का प्रसारण सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होता है।
यह भी पढ़ें: Nayi Naveli Teaser: ब्रांडेड 'डायन' यामी गौतम! नई दुल्हन का यह अतरंगी नाश्ता देखकर चौंक जाएंगे आप