स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले और खासकर गेमिंग पसंद करने वाले लोगों के लिए OnePlus ने नया फोन पेश किया है। कंपनी ने चीन में OnePlus Turbo 6Vs को लॉन्च कर दिया है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 9,000mAh की दमदार बैटरी है। इसके अलावा इसमें 144Hz रिफ्रेश रेट वाली AMOLED स्क्रीन और Qualcomm Snapdragon प्रोसेसर दिया गया है। खास बात यह है कि कंपनी ने इसे किसी बड़े लॉन्च इवेंट के बजाय सीधे बाजार में उतारा है। आइए जानते हैं इस फोन में क्या-क्या खास मिलता है।

OnePlus Turbo 6Vs के फीचर्स

इस स्मार्टफोन में 9,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करने में मदद कर सकती है। फोन को चार्ज करने के लिए 80W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। इसके साथ ही इसमें 27W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग की सुविधा भी है। यानी जरूरत पड़ने पर इस फोन से दूसरे डिवाइस भी चार्ज किए जा सकते हैं। इसके अलावा इसमें बायपास चार्जिंग का फीचर दिया गया है। मजबूती के मामले में भी फोन को खास बनाया गया है। इसे IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग मिली है, जिससे धूल और पानी से सुरक्षा मिलती है।

144Hz AMOLED डिस्प्ले से मिलेगा स्मूद एक्सपीरियंस

OnePlus Turbo 6Vs में 6.78 इंच की फ्लैट AMOLED डिस्प्ले दी गई है। इसका रेजोल्यूशन 2772×1272 पिक्सल है। स्क्रीन 144Hz तक के अडैप्टिव रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है। इससे गेम खेलने और फोन पर स्क्रॉल करने का अनुभव बेहतर हो सकता है। इसकी पीक ब्राइटनेस 1,800 निट्स तक है, जबकि सामान्य ब्राइटनेस 800 निट्स बताई गई है। आंखों को आराम देने के लिए इसमें 3,840Hz PWM डिमिंग का सपोर्ट भी मिलता है। वहीं, 3,200Hz इंस्टेंट टच सैंपलिंग रेट गेमिंग के दौरान टच रिस्पॉन्स को बेहतर बनाने में मदद करता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Oppo Crystal Shield ग्लास दिया गया है।

Snapdragon प्रोसेसर के साथ 12GB RAM

परफॉर्मेंस के लिए OnePlus ने इस फोन में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर लगाया है। ग्राफिक्स के लिए Adreno 810 GPU मिलता है। इसके साथ 12GB LPDDR4X RAM और 256GB UFS 3.1 स्टोरेज दी गई है। फोन में P3 Lite डिस्प्ले चिप और Lingxi Touch Core भी मौजूद है। कंपनी ने बेहतर टच रिस्पॉन्स को ध्यान में रखते हुए इन फीचर्स को शामिल किया है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित ColorOS 16 पर चलता है।

50MP कैमरे के साथ मिलेंगे कई दूसरे फीचर्स

फोटोग्राफी के लिए फोन के पिछले हिस्से में डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें OIS सपोर्ट वाला 50MP का प्राइमरी कैमरा और 2MP का मोनोक्रोम सेंसर मिलता है। वहीं, वीडियो कॉल और सेल्फी के लिए फ्रंट में 16MP का कैमरा दिया गया है। दूसरे फीचर्स की बात करें तो फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और स्टीरियो स्पीकर मिलते हैं। इसके अलावा NFC, IR ब्लास्टर, Wi-Fi 6 और डुअल सिम 5G कनेक्टिविटी का सपोर्ट भी दिया गया है।

ये भी पढ़ें-दिवाली पर बिना तेल-बाती के जलेंगे ये अनोखे दीये, बस एक चम्मच पानी डालते ही हो जाएंगे रोशन; जानिए कैसे काम करती है ये टेक्नोलॉजी

OnePlus Turbo 6Vs की कीमत कितनी है?

OnePlus ने फिलहाल इस स्मार्टफोन को चीन में सिर्फ एक ही कॉन्फिगरेशन में पेश किया है। इसमें 12GB RAM के साथ 256GB स्टोरेज मिलती है। इसकी कीमत 3,699 चीनी युआन रखी गई है, जो भारतीय करेंसी के हिसाब से करीब 53,000 रुपये होती है। फोन को Nova White और Orange Heart कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकता है। हालांकि, भारतीय ग्राहकों के लिए अभी इंतजार करना होगा, क्योंकि कंपनी ने भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।