Delhi Most Expensive Schools: राजधानी दिल्ली में कई ऐसे नामी प्राइवेट स्कूल हैं, जहां अपने बच्चों का दाखिला करवाना हर माता-पिता का सपना होता है। इन स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं, अंतरराष्ट्रीय स्तर का पाठ्यक्रम और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलता है। हालांकि, इन स्कूलों की फीस इतनी ज्यादा है कि आम परिवारों के लिए यहां बच्चों को पढ़ाना आसान नहीं है। कुछ स्कूलों की सालाना फीस लाखों रुपये तक पहुंच जाती है। आइए जानते हैं दिल्ली के ऐसे ही 5 महंगे स्कूलों के बारे में।

अमेरिकन एंबेसी स्कूल

दिल्ली का अमेरिकन एंबेसी स्कूल राजधानी के प्रतिष्ठित और महंगे स्कूलों में गिना जाता है। यहां मुख्य रूप से अमेरिकी दूतावास से जुड़े कर्मचारियों के बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल में अमेरिकी पाठ्यक्रम के आधार पर शिक्षा दी जाती है। उपलब्ध फीस विवरण के मुताबिक, किंडरगार्टन से पांचवीं कक्षा तक की सालाना फीस 32,260 अमेरिकी डॉलर है, जबकि हाईस्कूल की फीस 39,490 डॉलर तक पहुंच जाती है। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 30 लाख रुपये या उससे अधिक हो सकती है।

द ब्रिटिश स्कूल

दिल्ली का द ब्रिटिश स्कूल भी महंगी शिक्षा के लिए जाना जाता है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का पाठ्यक्रम पढ़ाया जाता है। उपलब्ध फीस स्ट्रक्चर के अनुसार, नर्सरी में दाखिले के लिए करीब 12.98 लाख रुपये देने होते हैं। इसके अलावा हर तिमाही 2.59 लाख रुपये फीस चुकानी पड़ती है। दसवीं कक्षा में यह तिमाही फीस 3.05 लाख और 11वीं-12वीं में 3.66 लाख रुपये बताई गई है।

वसंत वैली स्कूल

वसंत वैली स्कूल दिल्ली के चर्चित निजी स्कूलों में शामिल है। यहां नर्सरी की तिमाही ट्यूशन फीस 51,228 रुपये है। इसके अलावा 25,638 रुपये का तिमाही एनुअल चार्ज और 30,738 रुपये सालाना डेवलपमेंट फीस भी देनी होती है। इस तरह कुल सालाना खर्च तीन लाख रुपये से अधिक हो सकता है। 11वीं और 12वीं में ट्यूशन फीस और बढ़ जाती है।

DPS इंटरनेशनल स्कूल, साकेत

साकेत स्थित DPS इंटरनेशनल स्कूल भी महंगे स्कूलों की सूची में शामिल है। यहां एडमिशन के समय एकमुश्त 2.25 लाख रुपये फीस देनी होती है। इसके बाद नर्सरी की मासिक फीस 26,600 रुपये है, जो 12वीं कक्षा तक पहुंचते-पहुंचते बढ़कर 34,650 रुपये हो जाती है।

मॉडर्न स्कूल, बाराखंबा

दिल्ली के बाराखंबा रोड स्थित मॉडर्न स्कूल भी अपनी प्रतिष्ठा और फीस के लिए जाना जाता है। उपलब्ध फीस विवरण के मुताबिक, नर्सरी से आठवीं तक एडमिशन फीस 75,000 रुपये है। इसके अलावा हर साल 20,000 रुपये अमलगमेटेड फंड और 16,950 रुपये मासिक फीस देनी होती है। वहीं, नौवीं से 12वीं तक मासिक फीस बढ़कर 18,250 रुपये हो जाती है।

ये भी पढ़ें: यूपी में प्रदर्शन करना पड़ेगा भारी! धरने में शामिल होने वाले युवाओं को नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी?