भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में हाइब्रिड कारों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच बेहतर माइलेज और लंबी दूरी की यात्रा के लिए ग्राहक अब हाइब्रिड एसयूवी को एक आकर्षक विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। मारुति ग्रैंड विटारा, मारुति विक्टोरिस और टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर जैसी गाड़ियों को मिल रही प्रतिक्रिया के बाद अब इस सेगमेंट में दो नई एसयूवी एंट्री करने वाली हैं। आने वाले फेस्टिव सीजन में JSW मोटर्स की नई प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी Jetour T2 और Renault Duster Hybrid बाजार में मुकाबला बढ़ा सकती हैं। दोनों मॉडल अलग-अलग तरह की हाइब्रिड तकनीक के साथ आएंगे और इनका फोकस पावर, एफिशिएंसी तथा लंबी ड्राइविंग रेंज पर रहने की उम्मीद है।
पावर और लंबी रेंज का कॉम्बिनेशन
जेएसडब्ल्यू मोटर्स भारतीय बाजार में Jetour T2 को अपनी पहली प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी के रूप में पेश करने की तैयारी कर रही है। इसमें 1.5-लीटर डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर्स और 26.7kWh का बैटरी पैक दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पावरट्रेन का संयुक्त आउटपुट करीब 381 बीएचपी और 610Nm तक हो सकता है। एसयूवी में 3-स्पीड डेडिकेटेड हाइब्रिड ट्रांसमिशन मिलने की संभावना है। इसकी इलेक्ट्रिक ड्राइविंग क्षमता लगभग 130 किलोमीटर तक हो सकती है, जबकि पेट्रोल इंजन और बैटरी को मिलाकर कुल रेंज 1,000 किलोमीटर से अधिक होने की उम्मीद है।
जानिए फीचर्स के बारे में
फीचर्स के मामले में भी Jetour T2 को प्रीमियम पैकेज के साथ उतारा जा सकता है। इसमें 15.6-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, Sony ऑडियो सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जिंग, पैनोरमिक सनरूफ और 540-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा लेवल-2 ADAS भी एसयूवी के प्रमुख सेफ्टी फीचर्स में शामिल होने की उम्मीद है।
माइलेज पर रहेगा जोर
Renault भी अपनी लोकप्रिय Duster को हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ भारतीय बाजार में लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी पहले ही संकेत दे चुकी है कि हाइब्रिड डस्टर को त्योहारी सीजन के आसपास पेश किया जा सकता है। ऐसे में अक्टूबर-नवंबर के दौरान इसके लॉन्च की संभावना जताई जा रही है। Duster Hybrid में 1.8-लीटर, चार-सिलिंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर्स और 1.4kWh बैटरी पैक दिए जाने की उम्मीद है। यह सेटअप करीब 160 बीएचपी की अधिकतम पावर और 172Nm का टॉर्क देने में सक्षम हो सकता है। पावरट्रेन को मल्टी-मोड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़े जाने की संभावना है। हाइब्रिड तकनीक के अलावा डस्टर के डिजाइन और फीचर पैकेज में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। यानी ग्राहक को मौजूदा डस्टर जैसा ही SUV कैरेक्टर मिलेगा, लेकिन हाइब्रिड सिस्टम के चलते बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी इसका बड़ा आकर्षण बन सकती है।
ये भी पढ़ें- E20 से E100 तक चलने की तैयारी... Kia ने पेश किया नया FFV कॉन्सेप्ट
हाइब्रिड SUV सेगमेंट में बढ़ेगा मुकाबला
Jetour T2 और Duster Hybrid की एंट्री के बाद भारतीय मिडसाइज SUV बाजार में हाइब्रिड विकल्पों की संख्या बढ़ जाएगी। एक तरफ Jetour T2 अपनी प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक, ज्यादा पावर और लंबी संयुक्त रेंज के जरिए ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है, वहीं Duster Hybrid का मुख्य फोकस बेहतर माइलेज और रोजमर्रा की उपयोगिता पर रहने की उम्मीद है। फेस्टिव सीजन से पहले इन दोनों मॉडलों की संभावित लॉन्चिंग ऐसे ग्राहकों के लिए नए विकल्प खोल सकती है, जो SUV के साथ कम ईंधन खपत और लंबी दूरी की क्षमता चाहते हैं।