अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। यहां एक बिजनेस जेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 9 लोगों की जान चली गई। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने इस हादसे की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार, लियरजेट 60 विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास की ओर जा रहा था। इसी दौरान दक्षिण फ्लोरिडा में विमान अचानक नीचे गिर गया और एक सड़क के पास जमीन से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान में धमाका हो गया और सड़क पर आग लग गई। हादसे के कारण सड़क पर बड़ा गड्ढा भी बन गया।
घरो और गाड़ियों से कुछ ही दूरी पर हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि विमान रिहायशी इलाके में घरों से कुछ ही दूरी पर गिरा। सड़क से गुजर रही गाड़ियां भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बची। हादसे के समय वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में विमान को तेजी से नीचे गिरते और जमीन से टकराने के बाद आग की लपटों में घिरते देखा जा सकता है।दुर्घटना के बाद आसपास के इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि आसपास के घरों को कितना नुकसान पहुंचा है।
FAA और NTSB कर रहे हादसे की जांच
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान का टेल नंबर N722BD बताया है। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने कहा कि FAA अपनी एक टीम भेजा गया है। यह टीम नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर हादसे की जांच में मदद करेगी। फिलहाल दुर्घटना की असली वजह सामने नहीं आई है। विमान में सवार लोगों की पहचान भी सार्वजनिक नहीं की गई है। ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने बताया कि यह एक निजी विमान था, उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद त्रासदी बताया।
मौके पर पहुंची इमरजेंसी टीम
यह हादसा मिलिट्री ट्रेल और 10वें एवेन्यू नॉर्थ के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और दूसरी आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सड़क के दोनों तरफ का रास्ता बंद कर दिया, साथ ही लोगों से उस रास्ते पर जाने से बचने की अपील की गई।
स्थानीय स्तर पर काम करने वाली एक महिला ने बताया कि हादसे के बाद आसपास के इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली नहीं रही। फिलहाल राहत और सुरक्षा से जुड़े काम पूरे करने के साथ ही जांच एजेंसियां दुर्घटना की वजह पता लगाने में जुटी हैं।