Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बकरा चोर गैंग के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि एक अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी है। घायल बदमाशों को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से बाइक व हथियार बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच में जुटी है।
एडीसीपी ने दी जानकारी
एडीसीपी संतोष कुमार के मुताबिक, प्यावली डैम के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बाइक सवार बदमाशों को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने भागते बदमाशों को पीछा किया। इसी बीच पुलिस को पीछे आता देख एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया।
घायल बदमाश के कब्जे से पुलिस ने की बरामदगी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाश की पहचान कमल उर्फ कमलुआ उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा चोरी के बकरे बेचकर मिले 7,560 रुपये भी बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक समेत फरार हो गया। जब्कि उसके अन्य तीन साथी गिरफ्तार कर लिए हैं। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी है।
4 पहिया वाहन से चुराते थे बकरे
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर बकरा चोरी करने वाला संगठित गैंग चलाता था। गैंग में शामिल बदमाश पहले अलग-अलग इलाकों में घूमकर रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में बकरे रखे जाते थे। इसके बाद रात के समय 4 पहिया वाहन से मौके पर पहुंचकर बकरों को चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए बकरों को दिल्ली में बेच दिया जाता था। बिक्री से मिलने वाली रकम गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
संभल समेत दिल्ली-NCR में वारदात को दिया अंजाम
आरोपी और उसके गैंग ने गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल समेत दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बकरा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ चोरी, अवैध हथियार, गोवध और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में 15 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें जारचा थाने में वर्ष 2026 में दर्ज बकरा चोरी के दो मुकदमे भी शामिल हैं।पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक मामलों और गैंग के फरार सदस्य के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: सोना-चांदी में आज बड़ी गिरावट! त्योहार से पहले खरीदारों के लिए सुनहरा मौका