UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम लखनऊ पहुंचे। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई कोर कमेटी की बैठक में 'सेवा संकल्प अभियान' समेत मिशन-2027 की तैयारियों पर मंथन हुआ।

एक महीने चलेगा 'सेवा संकल्प अभियान
बैठक में तय किया गया कि भाजपा चुनाव से पहले करीब एक महीने का सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इसके जरिए पार्टी युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों समेत समाज के हर वर्ग तक पहुंचने की रणनीति पर काम करेगी। बीएल संतोष ने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी तरीके से चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए अधिक से अधिक लाभार्थी परिवारों से संपर्क स्थापित किया जाए।

17 सितंबर को हर बूथ पर जलाया जाएगा 'आशीर्वाद का दीया'
अभियान के तहत 17 सितंबर को हर बूथ पर लाभार्थी परिवारों की ओर से 'आशीर्वाद का दीया' जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करने की योजना है।
इसके अलावा स्कूल-कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अभियान के प्रभावी प्रचार-प्रसार की रणनीति भी बनाई गई।

मिशन-2027 पर भी हुआ मंथन
कोर कमेटी की बैठक में मिशन-2027 को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर बैठक में विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के गठन का काम जल्द पूरा करने और संगठन की योजना के अनुसार नेताओं के प्रवास शुरू करने को कहा गया है।

विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव की तैयारी
बैठक में नवंबर में प्रस्तावित विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव को लेकर भी पार्टी की तैयारियों पर चर्चा हुई। इसके अलावा आगामी दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश दौरे और कार्यक्रमों को लेकर भी रणनीति पर बातचीत हुई। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बैठक में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने को लेकर विस्तार से मंथन हुआ।

बीएल संतोष शनिवार को कानपुर जाएंगे
बीएल संतोष शनिवार सुबह प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे और फिर कानपुर जाएंगे। कानपुर में वह कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद रविवार को दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है। बीएल संतोष के लखनऊ पहुंचने पर एयरपोर्ट पर प्रदेश भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर, महामंत्री संजय राय, रामप्रताप चौहान और गोविंद नारायण शुक्ला समेत कई नेता मौजूद रहे।