Lucknow News: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भाजपा की जाति आधारित राजनीति पर सवाल उठाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति समाज को बांटने और एक खास जाति के विरोध पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग जातिवाद की बात करते हैं, जबकि उनकी अपनी राजनीति में ही विभाजन दिखाई देता है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'जो भाजपा का सदस्य है, वो विभाजन पैदा करता है!' उन्होंने आरोप लगाया कि जिनकी सत्ता कथित तौर पर 'एकरंगी तुष्टिकरण' के नाम पर जानी जाती है, वे अब जातिवाद की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिनकी पूरी राजनीति एक जाति के विरोध पर टिकी है, वे जब भी मुंह खोलेंगे, झूठ ही बोलेंगे।
जाति का अहंकार रखने वाले दूसरों का भला क्या करेंगे?
सपा प्रमुख ने सामाजिक एकता का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पद पर रहते हुए अपनी जाति का अहंकार दिखाने वाले लोग दूसरों का भला कैसे कर सकते हैं। अखिलेश ने आगे लिखा कि एकरंगी सोच रखने वाले लोग बहुरंगी एकता की बात कैसे कर सकते हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि जब सामाजिक भेदभाव को स्वीकार करने वाला व्यक्ति सत्ता के सर्वोच्च पद पर बैठता है, तो राष्ट्रीय एकता के लिए खतरा पैदा होता है।
चुनाव आयोग को लेकर भी BJP पर बरसे अखिलेश
इससे पहले शनिवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा को राजनीतिक पार्टी के बजाय 'गैंग' बताते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है और लोकतंत्र तथा संविधान के लिए बड़ा खतरा बन रहा है।
अखिलेश ने कहा कि जब सरकार विपक्ष की बात नहीं सुनती, तब मॉक पार्लियामेंट जैसे आयोजन जरूरी हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के जरिए सरकार को संदेश दिया जाएगा और समाजवादी पार्टी के सदस्य भी इसमें हिस्सा लेंगे।
BJP क्यों डरी हुई है?
सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि भाजपा विधेयक को लागू क्यों नहीं कर रही है और उस पर बहस करने से क्यों बच रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। भाजपा पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि दान जब चोरी हो गया है तो और क्या उम्मीद कर सकते हैं? BJP कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है, यह एक गैंग है।
अखिलेश यादव के इन बयानों से उत्तर प्रदेश की सियासत में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।