CEC Gyanesh Kumar News: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक ने दिल्ली में प्रतीकात्मक सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम आयोजित किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में विपक्ष की करीब 21 पार्टियों ने हिस्सा लिया। संसद की कार्यवाही की तर्ज पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने की, जबकि मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रस्ताव पेश किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

विपक्ष इस कार्यक्रम के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठा रहा है। INDIA ब्लॉक का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी अनियमितताओं के जरिए मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

खरगे बोले- यह लड़ाई किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के सीधे निर्देश पर काम कर रहा है।

खरगे ने कहा कि करीब सात महीने पहले विपक्ष के 193 सांसदों ने संसद के दोनों सदनों में मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए प्रस्ताव का नोटिस दिया था, लेकिन उनके नोटिस खारिज कर दिए गए और उन पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया।

उन्होंने कहा कि आज पेश किया गया प्रस्ताव किसी व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, बल्कि संवैधानिक संस्था की गरिमा और निष्पक्षता की रक्षा का प्रयास है। विपक्ष की मुख्य चुनाव आयुक्त से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। उसकी मांग है कि चुनाव आयोग संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्ष तरीके से काम करे और आम जनता का भरोसा बनाए रखे।

वोटिंग अधिकारों को लेकर खरगे ने जताई चिंता

खरगे ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कमजोर वर्गों, महिलाओं और युवाओं के मतदान का अधिकार किसी कंप्यूटर के जरिए चुपचाप न छीना जा सके।

वहीं, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे। इसके बाद INDIA ब्लॉक के नेता और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि अपनी बात रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उन्हें भी अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा।

21 विपक्षी दलों की भागीदारी, राहुल गांधी भी हुए शामिल

इस कार्यक्रम में विपक्ष की करीब 21 पार्टियों के नेताओं ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान अलग-अलग दलों के करीब 30 वक्ताओं के संबोधन की योजना थी। राहुल गांधी ने भी कार्यक्रम में अपनी बात रखी।

यह आयोजन पहले शुक्रवार को प्रस्तावित था, लेकिन दिल्ली में भारी बारिश के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली INDIA ब्लॉक की महारैली से पहले इसे एक महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

SIR और चुनावी अनियमितताओं पर विपक्ष का विरोध

INDIA ब्लॉक लगातार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूचियों में बदलाव के कारण लोगों के मतदान अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष की इस प्रतीकात्मक कार्रवाई के बाद चुनाव आयोग की निष्पक्षता, मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : मौलाना महमूद मदनी का अमित शाह पर हमला, कहा- आपसे बड़ा गद्दार इस मुल्क...