आज के समय में स्मार्टफोन से लेकर लैपटॉप, मॉनिटर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स तक, स्क्रीन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी हैं। लगातार इस्तेमाल के कारण इन पर धूल, उंगलियों के निशान और दूसरे दाग जमा होना आम बात है। ऐसे में कई लोग घर में आसानी से मिलने वाले Vinegar यानी सिरके को स्क्रीन क्लीनिंग के लिए इस्तेमाल करने के बारे में सोच सकते हैं। हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन के मामले में यह तरीका हर बार सुरक्षित नहीं होता। सिरका अपनी अम्लीय प्रकृति के कारण कुछ स्क्रीन की सतह या उनकी खास कोटिंग को प्रभावित कर सकता है। खासकर टचस्क्रीन डिवाइस में गलत तरीके या गलत मात्रा में इसका इस्तेमाल स्क्रीन की सतह को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके अलावा स्क्रीन पर मौजूद प्रोटेक्टिव और एंटी-ग्लेयर कोटिंग भी प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसलिए केवल घरेलू सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाला Vinegar इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन पर सीधे लगा देना सही तरीका नहीं है।

क्या सभी डिवाइस पर Vinegar का इस्तेमाल गलत?

ऐसा कहना भी पूरी तरह सही नहीं होगा, क्योंकि अलग-अलग कंपनियां अपने डिवाइस के लिए अलग क्लीनिंग गाइडलाइन देती हैं। उदाहरण के लिए, Acer के मुताबिक, जिद्दी दागों को हटाने के लिए हल्के गर्म डिस्टिल्ड वाटर और Vinegar को बराबर मात्रा में मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। Samsung भी अपने कुछ मॉनिटर्स की सफाई के लिए डिल्यूटेड Vinegar मिश्रण का विकल्प बताता है। हालांकि, इन निर्देशों में एक बात अहम है, स्क्रीन पर बिना पानी मिलाया हुआ यानी undiluted Vinegar सीधे इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।

Apple की क्या है सलाह ?

Apple अपने प्रोडक्ट्स की सफाई के लिए घरेलू क्लीनिंग प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से बचने की सलाह देता है। स्क्रीन साफ करने के लिए एक साफ माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर कपड़े को थोड़े डिस्टिल्ड वाटर या डिवाइस के लिए उपयुक्त स्क्रीन क्लीनर से हल्का नम किया जा सकता है। इसका मतलब है कि स्क्रीन पर किसी भी घरेलू क्लीनर को सीधे स्प्रे करने के बजाय पहले डिवाइस की आधिकारिक सफाई गाइडलाइन देखना ज्यादा सुरक्षित तरीका है।

क्या Rubbing Alcohol भी स्क्रीन को पहुंचाता है नुकसान?

Rubbing alcohol का इस्तेमाल भी हर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के लिए एक जैसा नहीं किया जा सकता। कुछ कंपनियां अपनी डिवाइस की हार्ड और नॉन-पोरस सतहों की सफाई के लिए खास मात्रा में अल्कोहल इस्तेमाल करने की अनुमति देती हैं। Apple के मुताबिक, कुछ डिवाइस की स्क्रीन, कीबोर्ड और दूसरी हार्ड, नॉन-पोरस सतहों पर 70% isopropyl alcohol या 75% ethyl alcohol वाले वाइप्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, यह निर्देश हर Apple प्रोडक्ट पर लागू नहीं होता। उदाहरण के तौर पर, Apple Vision Pro की सफाई में इस तरह के अल्कोहल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

Explainer: क्या AI खत्म कर सकता है इंसानी सभ्यता? विशेषज्ञ की चेतावनी ने बढ़ाई दुनिया की चिंता

स्क्रीन साफ करते समय क्या रखें ध्यान ?

किसी भी इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन पर Vinegar, Alcohol या दूसरे क्लीनिंग लिक्विड का इस्तेमाल करने से पहले डिवाइस की कंपनी द्वारा दी गई सफाई संबंधी गाइडलाइन जरूर देखनी चाहिए। स्क्रीन पर लिक्विड सीधे डालने या स्प्रे करने के बजाय उपयुक्त माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करना बेहतर है, यानी, Vinegar सस्ता और आसानी से मिलने वाला क्लीनिंग विकल्प जरूर है, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन के मामले में इसे बिना सोचे-समझे इस्तेमाल करना नुकसानदायक हो सकता है। सही क्लीनिंग तरीका डिवाइस के मॉडल और निर्माता की गाइडलाइन पर निर्भर करता है।