बंगाल की खाड़ी में मौसम तेजी से बदल रहा है। यहां सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र लगातार ताकतवर हो रहा है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि अगले 12 से 18 घंटों के भीतर यह सिस्टम चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक 2 नवंबर की शाम तक यह आंध्र प्रदेश के तट के नजदीक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंच सकता है।
इस संभावित चक्रवाती गतिविधि को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 20 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 40 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की आशंका भी जताई गई है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में ज्यादा असर पड़ने की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक इस सिस्टम का प्रभाव आंध्र प्रदेश, ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में अधिक देखने को मिल सकता है। 2 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश होने की संभावना है।
समुद्र में भी हालात बिगड़ने का अनुमान है। IMD के अनुसार, 1 नवंबर की दोपहर से पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 65 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 2 नवंबर की सुबह से 3 नवंबर की दोपहर तक हवा की गति बढ़कर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। इस दौरान हवा के तेज झोंके 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
इन 20 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट
संभावित चक्रवाती तूफान और बदलते मौसम के मद्देनजर IMD ने 20 राज्यों में अलग-अलग स्तर पर बारिश की संभावना जताई है। इनमें तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं।
इन राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम और भारी बारिश हो सकती है। समुद्र में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को 1 से 4 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी के प्रभावित हिस्सों और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में 1 से 3 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। पिछले दिनों हुई वर्षा और ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात के समय ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 3 नवंबर तक दिल्ली में आसमान ज्यादातर साफ रहने की उम्मीद है।
1 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, 2 और 3 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस अवधि में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में बारिश से मिलेगी राहत
उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला देखने को मिला है। इसके चलते मौसम में ठंडक बढ़ी है और सुबह-शाम सर्दी का अहसास होने लगा है। हालांकि, 1 नवंबर को प्रदेश में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। IMD के मुताबिक, रविवार को उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश का पूर्वानुमान नहीं है। पश्चिमी यूपी में भी मौसम के सामान्य होने की उम्मीद है।
बिहार में दो दिन हल्की बारिश के आसार
बिहार में मौसम का मिजाज बदल रहा है। बारिश और तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने 1 और 2 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि, फिलहाल बिहार के किसी भी क्षेत्र के लिए भारी बारिश की विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मध्य प्रदेश में 4 नवंबर तक बदलता रहेगा मौसम
मध्य प्रदेश के लोगों को आने वाले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 1 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 2 से 4 नवंबर के बीच भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने 4 नवंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई है।
झारखंड में 5 नवंबर तक बारिश की संभावना
झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश जारी रह सकती है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 से 5 नवंबर के बीच राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट वर्षा होने के आसार हैं। हालांकि, इस अवधि के लिए भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भी होगी बारिश
1 नवंबर को दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, कर्नाटक, रायलसीमा और तेलंगाना के कुछ इलाकों में वर्षा हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। पूर्वी भारत में ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर बादल बरसने की संभावना है।
वहीं, पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का पूर्वानुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 1 और 2 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 1 से 4 नवंबर के बीच गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।