दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार 1 नवंबर को कांग्रेस के नेतृत्व में बड़ी रैली आयोजित की जा रही है। SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर होने वाले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। रैली को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में डायवर्जन किया गया है।

ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की जानकारी जरूर लें और जहां तक संभव हो, मेट्रो तथा सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।

इन रास्तों पर नहीं चलेंगी DTC बस

रैली के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुछ प्रमुख मार्गों पर DTC बस की आवाजाही पर रोक लगाई है। प्रतिबंधित सड़कों में शामिल हैं:

- BSZ मार्ग
- राजघाट से JLN मार्ग का पूरा हिस्सा
- DBG रोड
- मिंटो रोड

इन इलाकों में यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है। ऐसे में यात्रियों को इन रास्तों से गुजरने से बचने की सलाह दी गई है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते

रैली के कारण नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को भी परेशानी हो सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

DBG रोड की ओर से आने वाले यात्री: चेम्सफोर्ड रोड से आउटर सर्कल, कनॉट प्लेस, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग होते हुए स्टेशन पहुंच सकते हैं। पूर्वी दिल्ली की तरफ से आने वाले यात्री: ITO से DDU मार्ग और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल करते हुए अजमेरी गेट की ओर जा सकते हैं।

DDU मार्ग पर जाम या रुकावट होने की स्थिति में: ITO रेड लाइट से W-पॉइंट, सिकंदरा रोड, कनॉट प्लेस, पहाड़गंज और चेम्सफोर्ड रोड होते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने का विकल्प रहेगा। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सामान्य से अधिक समय लेकर घर से निकलें, ताकि ट्रैफिक की वजह से ट्रेन छूटने की नौबत न आए।

रामलीला मैदान के आसपास इन जगहों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

रैली में भारी भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए रामलीला मैदान के आसपास कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। प्रमुख डायवर्जन पॉइंट इस प्रकार हैं:

  • नेताजी सुभाष मार्ग टी-पॉइंट
  • राजघाट
  • दिल्ली गेट
  • ITO ए-पॉइंट
  • अजमेरी गेट रेड लाइट
  • बाराखंभा रोड पर रणजीत सिंह फ्लाईओवर
  • भवभूति मार्ग-डीडीयू मार्ग रेड लाइट
  • झंडेवालान गोलचक्कर
  • तुर्कमान गेट
  • मीरदर्द चौक

इन स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की निगरानी रहेगी। जरूरत के मुताबिक वाहनों को दूसरे रास्तों की ओर भेजा जा सकता है।

इन प्रमुख सड़कों पर यातायात रहेगा प्रभावित

रैली के दौरान मध्य दिल्ली के कई अहम मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। प्रभावित होने वाली सड़कों में शामिल हैं:

BSZ मार्ग: ITO से दिल्ली गेट तक।
JLN मार्ग: राजघाट से दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक होते हुए अजमेरी गेट तक।
अरुणा आसफ अली रोड: अजमेरी गेट से हमदर्द चौक, तुर्कमान गेट होते हुए दिल्ली गेट तक।
मिंटो रोड, कमला मार्केट गोलचक्कर और हमदर्द चौक।
रणजीत सिंह फ्लाईओवर से तुर्कमान गेट तक।
DBG रोड: झंडेवालान गोलचक्कर से अजमेरी गेट चौक की दिशा में।
W-पॉइंट और BSZ मार्ग।
बाराखंभा रोड से मंडी हाउस गोलचक्कर होते हुए सिकंदरा रोड तक।
केजी मार्ग और फिरोज शाह रोड।
चेम्सफोर्ड रोड। मिंटो रोड से भवभूति मार्ग की तरफ जाने वाला रास्ता।

इन चार हिस्सों में वाहनों की आवाजाही पर रहेगी विशेष निगरानी

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कुछ मार्गों पर वाहनों को पूरी तरह सामान्य तरीके से चलने की अनुमति नहीं होगी। यहां ट्रैफिक की स्थिति और मौके की जरूरत को देखते हुए ही आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।

  • गुरु नानक चौक से कमला मार्केट गोलचक्कर तक।
  • कमला मार्केट गोलचक्कर से हमदर्द चौक तक।
  • हमदर्द चौक से तुर्कमान गेट तक।
  • तुर्कमान गेट से गुरु नानक चौक तक।

दिल्ली पुलिस की वाहन चालकों से अपील

ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने और जाम से बचने के लिए पुलिस ने दिल्लीवासियों को कुछ जरूरी निर्देश दिए हैं। लोगों से कहा गया है कि वे रैली स्थल और आसपास के इलाकों में बिना जरूरी काम के जाने से बचें। इसके अलावा आस्था कुंज पार्क, नेहरू प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही नहीं करने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों से अपील है कि वे सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर गाड़ियां खड़ी न करें। पुलिस ने यह भी कहा है कि यात्री ट्रैफिक सिग्नल, रास्तों पर लगाए गए डायवर्जन बोर्ड और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। रविवार को घर से निकलने से पहले यात्रा की योजना बना लेना और अतिरिक्त समय लेकर चलना बेहतर रहेगा।

ये भी पढ़ें- मौसम का बड़ा अलर्ट! बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, IMD ने 20 राज्यों में जारी की चेतावनी