नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2027 सेशन 1 की आवेदन प्रक्रिया के साथ परीक्षा शहरों के चयन और रजिस्ट्रेशन से जुड़े नए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इस बार परीक्षा केंद्रों की सूची में बदलाव करते हुए कुल 310 शहरों को शामिल किया गया है। इनमें भारत के 301 और विदेश के 9 शहर हैं। नए नियमों के तहत अभ्यर्थियों को परीक्षा शहर का विकल्प चुनते समय कुछ निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा। ऐसे में आवेदन फॉर्म भरने से पहले इन बदलावों को समझना जरूरी है।
परीक्षा शहर चुनने के लिए क्या हैं नए नियम?
एनटीए के नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, उम्मीदवारों को परीक्षा शहर चुनने का विकल्प उनके स्थायी या मौजूदा पते के आधार पर मिलेगा। अभ्यर्थी अपने परमानेंट एड्रेस या वर्तमान निवास वाले राज्य में उपलब्ध परीक्षा शहरों में से ही अपनी पसंद दर्ज कर सकेंगे।
यदि संबंधित राज्य में चार परीक्षा शहर उपलब्ध नहीं हैं, तो एनटीए प्रशासनिक जरूरतों और अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों को दूसरे राज्यों के शहर चुनने का विकल्प दे सकता है।
आवेदन के दौरान छात्रों को अपनी प्राथमिकता के अनुसार चार परीक्षा शहरों का चयन करना होगा। एजेंसी की कोशिश रहेगी कि उम्मीदवार को उसकी पहली पसंद का शहर आवंटित किया जाए। हालांकि, प्रशासनिक और लॉजिस्टिक परिस्थितियों के चलते दूसरी पसंद का शहर भी मिल सकता है। एक बार परीक्षा शहर आवंटित होने के बाद उसमें बदलाव का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विदेश में रहने वाले उम्मीदवारों के लिए भी जरूरी निर्देश
भारत से बाहर स्थायी या वर्तमान पता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी परीक्षा शहर चयन को लेकर विशेष नियम बनाए गए हैं। ऐसे उम्मीदवारों को आवेदन करते समय भारत के कम से कम एक परीक्षा शहर का विकल्प देना अनिवार्य होगा।
उन्हें शहरों का चयन अपनी यात्रा की सुविधा और व्यक्तिगत प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर करना चाहिए। परीक्षा केंद्र आवंटित होने के बाद शहर बदलने का कोई अवसर नहीं मिलेगा।
323 से घटकर 310 हुई परीक्षा शहरों की संख्या
जेईई मेन 2027 सेशन 1 के लिए परीक्षा शहरों की सूची में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। पिछले वर्ष जहां कुल 323 शहर शामिल थे, वहीं इस बार इनकी संख्या घटाकर 310 कर दी गई है।
नई सूची में ओडिशा के कालाहांडी और सुंदरगढ़ के साथ पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर को भी जगह मिली है। दूसरी ओर, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के कुछ शहरों को सूची से बाहर कर दिया गया है। हटाए गए शहरों में हिसार, खंडवा और आसनसोल जैसे नाम शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय परीक्षा केंद्रों की सूची में भी कटौती की गई है। सिंगापुर, कुआलालंपुर, लागोस, वॉशिंगटन डीसी और म्यूनिख जैसे शहर इस बार सूची में शामिल नहीं हैं।
बिहार के अभ्यर्थियों के लिए पटना के अलावा आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा, गयाजी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, समस्तीपुर और सारण में भी परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराए गए हैं।
ये भी पढ़ें- रेलवे में बिना परीक्षा मिलेगी एंट्री, 2,008 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी
रजिस्ट्रेशन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
एनटीए के अनुसार, जेईई मेन 2027 सेशन 1 के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुके हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा जनवरी 2027 में आयोजित की जाएगी।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को लेकर एजेंसी ने कुछ अहम निर्देश भी दिए हैं। उम्मीदवारों को आवेदन के लिए केवल अपने व्यक्तिगत डिजिलॉकर, जन परिचय या ई-प्रमाण अकाउंट का इस्तेमाल करना चाहिए। किसी अन्य व्यक्ति के अकाउंट से आवेदन करने पर आगे चलकर बायोमेट्रिक जांच और दस्तावेजों के सत्यापन में परेशानी हो सकती है।
एनटीए ने आवेदन से पहले डिजिलॉकर पर री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह भी दी है। इससे सिस्टम में उपलब्ध व्यक्तिगत जानकारी को अपडेट रखने और जरूरी विवरण अपने आप प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा आवेदन फॉर्म में दर्ज उम्मीदवार का नाम, माता-पिता के नाम और जन्मतिथि का कक्षा 10वीं के प्रमाणपत्र या मार्कशीट में दिए गए विवरण से पूरी तरह मेल खाना जरूरी है। इन जानकारियों में किसी भी तरह की गलती होने पर आवेदन निरस्त होने का खतरा हो सकता है।
इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी व्यक्तिगत जानकारियों, दस्तावेजों और परीक्षा शहरों की प्राथमिकताओं को अच्छी तरह जांच लें।